17 जनवरी से अहमदाबाद-मुंबई के बीच दौड़ेगी तेजस एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में जल्द ही दूसरी निजी तेजस एक्सप्रेस 17 जनवरी से पटरियों पर दौड़ने लगेगी। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने अहमदाबाद और मुंबई के बीच इस ट्रेन को चलाने का फैसला किया है।
भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी ने इस ट्रेन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। गौरतलब है कि पहले से लखनऊ-नई दिल्ली रूट पर निजी तेजस ट्रेन का परिचालन आईआरसीटीसी द्वारा किया जा रहा है। इस ट्रेन में 18 कोच होंगे, हालांकि आईआरसीटीसी एक साल तक 12 कोच वाली ट्रेन भी चला सकेगी।
यह होगा शेड्यूल
अहमदाबाद-मुंबई तेजस एक्सप्रेस का आईआरसीटीसी ने नया शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक 17 जनवरी को अपने उद्घाटन के पहले दिन यह ट्रेन (ट्रेन संख्या 09426) अहमदाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन से सुबह 9.30 बजे चलेगी और शाम चार बजे मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन (ट्रेन संख्या 09425) मुंबई से शाम 05:15 बजे चलेगी और रात 11.30 पर अहमदाबाद पहुंचेगी।
वहीं आईआरसीटीसी के शेड्यूल के मुताबिक इस ट्रेन के रोजाना फेरे 19 जनवरी से शुरू होंगे। रोजाना चलने के दौरान अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल तेजस एक्सप्रेस ट्रेन की संख्या 82902 होगी। जो सुबह 06.40 बजे अहमदाबाद से चलेगी और दोपहर 01.10 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में इसी ट्रेन की संख्या 82901 होगी। जो मुंबई सेंट्रल से दोपहर बाद 03.40 बजे चलेगी और रात्रि 09.55 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
रास्ते में यह ट्रेन नाडियाड, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी और बोरिवली रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन का परिचालन हफ्ते में छह दिन किया जाएगा। गुरुवार के दिन यह ट्रेन नहीं चलेगी। बता दें कि केवल उद्घाटन वाले दिन के लिए इस ट्रेन की संख्या में आईआरसीटीसी की ओर से बदलाव किया गया है।
शताब्दी एक्सप्रेस से थोड़ा ज्यादा होगा किराया
ट्रेन का बेस फेयर शताब्दी एक्सप्रेस के बराबर होगा, हालांकि आईआरसीटीसी को अधिकार होगा, कि वो किराया बढ़ा सकती है। लखनऊ-दिल्ली रूट पर चल रही तेजस एक्सप्रेस का किराया भी आईआरसीटीसी ने तय किया है, जो कि शताब्दी से ज्यादा है।
वहीं ट्रेन के देरी से चलने पर आईआरसीटीसी यात्रियों को रिफंड भी देगा। कमाई के लिए आईआरसीटीसी इस ट्रेन में विज्ञापन लगाने या फिर एलईडी स्क्रीन पर चलाने की मंजूरी देगा।
यात्रियों को मिलेंगी यह सुविधाएं
- इस ट्रेन की स्पीड 160 किमी प्रति घंटा होगी।
- अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में बिजली की खपत भी कम होगी।
- ट्रेन की हर सीट के बैक साइड एक एलसीडी लगी है।
- ट्रेन में वाईफाई के साथ-साथ कैटरिंग का मेन्यू मशहूर शेफ द्वारा तैयार किया गया है।
- यात्रियों को मुफ्त में 25 लाख रुपये का रेल यात्रा बीमा मिलेगा।
- हर कोच में इंटिग्रेटेड ब्रेल डिस्प्ले, डिजिटल डेस्टिनेशन बोर्ड्स और इलेक्ट्रॉनिक रिजर्वेशन चार्ट भी हैं।