माल्या को भारत से बाहर जाने पर रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे 17 बैंक
- 17 बैंक गए सुप्रीम कोर्ट
- बुधवार को होगी सुनवाई
- अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) है माल्या
विस्तार
शराब कारोबारी विजय माल्या द्वारा लोन रिकवरी की प्रक्रिया से बचने की कोशिश और लंदन में बसने की आशंका के मद्देनजर बैंकों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर विजय माल्या के देश सेबाहर जाने पर रोक लगाने की गुहार की है। इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई होगी। मालूम हो कि माल्या अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समेत 17 बैंकों की ओर से अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने मंगलवार को चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली पीठ केसमक्ष कहा कि विजय माल्या के भारत से बाहर जाने पर रोक लगानी चाहिए।
ऐसा करना बहुत जरूरी है क्योंकि माल्या अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) है।
ताकि वसूला जा सके बकाया
वास्तव में बैंक यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि माल्या पर बकाया करीब नौ हजार करोड़ रुपये का कर्ज वसूला जा सके। माल्या की विभिन्न कंपनियों पर विभिन्न बैंकों का कर्ज बकाया है।
अटॉर्नी जनरल ने पीठ से यह भी कहा कि ऋण वसूली न्यायाधिकरण द्वारा माल्या के खिलाफ जारी वारंट की कार्यवाही को आगे बढ़ाने की इजाजत मिलनी चाहिए, जिससे कि माल्या अपनी संपत्तियों का सही-सही ब्योरा दे सकें।
इस कार्यवाही के जारी रहने तक माल्या को भारत से बाहर जाने की इजाजत न दी जाए। पीठ ने इस याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने का निर्णय लिया है।