बाजार में बहार, सेंसेक्स ने लगाई 595 अंकों की छलांग, निफ्टी में भी उछाल
- लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ।
- सेंसेक्स 1.88 फीसदी की तेजी के साथ 595.37 अंक ऊपर 32200.59 के स्तर पर बंद हुआ।
- आज पीएसयू बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को भी दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1.88 फीसदी की तेजी के साथ 595.37 अंक ऊपर 32200.59 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.88 फीसदी बढ़कर 175.15 अंक ऊपर 9490.10 के स्तर पर बंद हुआ। बुधवार को भी बाजार में तेजी आई थी, जिससे निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई थी।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे लुढ़का
अमेरिका और चीन के मध्य बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 75.76 पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार कारोबार के दौरान रुपया सीमित दायरे में रहा। घरेलू शेयर बाजार में तेजी से जहां रुपये पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा वहीं अमेरिका-चीन के बीच तनाव बढ़ने से यह लाभ जाता रहा। अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया गिरावट के साथ 75.90 पर खुला लेकिन बाद में चीजें बेहतर हुई और अंत में यह डॉलर के मुकाबले बुधवार को बंद भाव के मुकाबले 5 पैसे की गिरावट के साथ 75.76 पर बंद हुआ। अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 75.71 पर बंद हुआ था।
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एचडीएफसी बैंक, जी लिमिटेड, इंडसइंड बैंक, मारुति, इंफ्राटेल, हिंडाल्को, हीरो मोटोकॉर्प और एल एंड टी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं विप्रो, बीपीसीएल, आईटीसी, सिप्ला, एसबीआई, जेएसडब्ल्यू स्टील और डॉक्टर रेड्डी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज पीएसयू बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें मीडिया, फार्मा, आईटी, ऑटो, बैंक, प्राइवेट बैंक, रियल्टी, मेटल और एफएमसीजी शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स में मामूली बढ़त देखी गई। यह 0.33 फीसदी की बढ़त के साथ 71.69 अंक ऊपर 31676.91 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 0.37 फीसदी की तेजी के साथ 34.70 अंक ऊपर 9349.65 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
बुधवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 3.25 फीसदी की तेजी के साथ 995.92 अंक ऊपर 31605.22 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 3.17 फीसदी बढ़कर 285.90 अंक ऊपर 9314.95 के स्तर पर बंद हुआ था।