पहली बार 11 लाख करोड़ के पार हुई किसी भारतीय कंपनी की बाजार हैसियत, बीते सप्ताह इनको हुआ मुनाफा
बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटेलाइजेशन) में 1,76,489.28 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इनमें से सबसे अधिक लाभ रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 950.85 अंक या 2.81 फीसदी के लाभ में रहा।
पहली भारतीय कंपनी की बाजार हैसियत 11 लाख करोड़ के पार
सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 1,08,213.62 करोड़ रुपये बढ़कर 11,15,418.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह पहली भारतीय कंपनी है जिसका बाजार पूंजीकरण 11 लाख करोड़ रुपये के पार गया है। शुक्रवार को कंपनी ने यह उपलब्धि हासिल की। उसी दिन कंपनी के प्रमुख मुकेश अंबानी ने घोषणा की कि तेल से लेकर दूरसंचार क्षेत्र में कार्यरत रिलायंस इंडस्ट्रीज अब पूरी तरह कर्ज मुक्त हो गई।
यह भी पढ़ें: दुनिया के 11वें सबसे अमीर शख्स बने मुकेश अंबानी, जमकर बरसा पैसा, इतनी हुई संपत्ति
इन कंपनियों का भी बढ़ा बाजार पूंजीकरण
- रिलायंस के बाद समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 27,788.22 करोड़ रुपये बढ़कर 5,67,093.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
- आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 12,729.16 करोड़ रुपये बढ़कर 2,35,648.10 करोड़ रुपये हो गया।
- एचडीएफसी का 8,110.36 करोड़ रुपये बढ़कर 3,18,597.21 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
- इसी तरह भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 6,301.17 करोड़ रुपये बढ़कर 3,11,757.83 करोड़ रुपये रह गई।
- इंफोसिस की 5,771.09 करोड़ रुपये बढ़कर 3,00,543.95 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
- कोटक महिंद्रा बैंक का बाजार मूल्यांकन 4,442.42 करोड़ रुपये बढ़कर 2,57,640.33 करोड़ रुपये पर आ गया।
- टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का 3,133.24 करोड़ रुपये बढ़कर 7,68,131.91 करोड़ रुपये रहा।
इन कंपनियों का कम हुआ बाजार पूंजीकरण
- इस रुख के उलट आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 12,169.31 करोड़ रुपये घटकर 2,26,299.98 करोड़ रुपये रह गया।
- हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) की बाजार हैसियत 3,277.62 करोड़ रुपये घटकर 4,91,584.61 करोड़ रुपये रह गई।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष पर हैं ये कंपनियां
1. रिलायंस इंडस्ट्रीज
2. टीसीएस
3. एचडीएफसी बैंक
4. एचयूएल
5. एचडीएफसी
6. भारती एयरटेल
7. इंफोसिस
8. कोटक महिंद्रा बैंक
9. आईसीआईसीआई बैंक
10. आईटीसी