Gold Silver Price: चांदी 1000 रुपये उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर, सोना 280 रुपये गिरकर 97780 रुपये पर पहुंचा
Gold Silver Price: सोमवार को चांदी की कीमतों में एक बार फिर उछाल दिखा। इसकी कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1,08,100 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वहीं 99.9 प्रतिशत वाला सोना 280 रुपये गिरकर 97,780 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया।
विस्तार
मजबूत वैश्विक संकेंतों के बीच सोमवार को राजधानी दिल्ली में चांदी ने एक बार फिर शिखर छू लिया। सफेद धातु की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1,08,100 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई। वहीं, सोने की कीमत 280 रुपये गिरकर 97,780 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 250 रुपये गिरकर 97,350 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टी की है।
इससे पहले, शनिवार को सोना 1,630 रुपये गिरकर 98,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। वहीं, चांदी की कीमत 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रही। व्यापारियों ने कहा कि निवेशकों की मजबूत मांग, कमजोर डॉलर, भू-राजनीतिक तनाव और ईवी व सौर औद्योगिक मांग में वृद्धि के कारण चांदी की कीमतों में उछाल आया।
अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता और पेरोल रिपोर्ट से सोना कमजोर
वैश्विक स्तर पर हाजिर सोना मामूली रूप से बढ़कर 3,312.84 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक, कमोडिटीज, सौमिल गांधी ने कहा कि सोमवार को मिले जुले संकेंतों के बीच सोना अपने दायरे के निचले स्तर पर स्थिर रहा। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता की उम्मीदों ने सुरक्षित संपत्तियों की मांग में कमी पैदा की। इसके अलावा, अमेरिका में नवीनतम नॉनफार्म पेरोल रिपोर्ट मजबूत थी। इससे व्यापारियों को उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति में ढिल हो सकती है।
चांदी 13 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची
वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 0.9 प्रतिशत बढ़कर 36.30 डॉलर प्रति औंस हो गई। मेहता इक्विटीज के उपाध्यक्ष, कमोडिटीज राहुल कलंत्री ने कहा कि चांदी की कीमतें वैश्विक स्तर पर 13 साल के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद मजबूत बढ़त से उभर रही हैं। कलंत्री ने कहा कि यूरोपीय मुद्रास्फीति में नरमी और व्यापार को लेकर बड़ी उम्मीदों ने चांदी को सहारा दिया। लंबे समय से चली आ रही समेकन सीमा को तोड़ते हुए चांदी की कीमत 36 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार करने में सफल रही।