ओआईएल और पीएनबी ने जारी किए तिमाही नतीजे, जानिए कितना हुआ घाटा
सार्वजनिक क्षेत्र की दूसरी सबसे बड़ी तेल एवं गैस उत्पादक कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने चालू वित्त वर्ष की जून में समाप्त पहली तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस दौरान ऑयल इंडिया को 248.61 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। जबकि पंजाब नेशनल बैंक को 308 करोड़ रुपये का एकल शुद्ध घाटा हुआ है।
ऑयल इंडिया लिमिटेड
कच्चे तेल की कीमतें उत्पादन लागत से नीचे आने की वजह से कंपनी को घाटा उठाना पड़ा है। कंपनी के इतिहास में यह दूसरा मौका है जबकि उसे तिमाही के दौरान घाटा हुआ है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 624.80 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
इतिहास में दूसरा तिमाही घाटा
इस संदर्भ में ऑयल इंडिया के निदेशक वित्त हरीश माधव ने कहा कि, 'ऑयल इंडिया के इतिहास में यह दूसरा तिमाही घाटा है। इससे पहले 2018-19 में कंपनी को तिमाही घाटा हुआ था।' उन्होंने कहा कि इसकी मुख्य वजह कीमतों में गिरावट है। इस दौरान कंपनी को प्रत्येक बैरल तेल के उत्पादन पर 30.43 डॉलर की कीमत की प्राप्ति हुई। वहीं एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी को प्रत्येक बैरल उत्पादन पर 66.33 डॉलर प्राप्त हुए थे। हमारी उत्पादन लागत 32-33 डॉलर प्रति बैरल बैठती है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट पहली तिमाही में घाटे की मुख्य वजह है।'
ऑयल इंडिया ने अप्रैल-जून की तिमाही में 7.5 लाख टन कच्चे तेल का उत्पादन किया। एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी का कच्चे तेल का उत्पादन 8.1 लाख टन रहा था। इसी तरह कंपनी का प्राकृतिक गैस का उत्पादन भी मामूली घटकर 68 करोड़ घनमीटर रह गया, जो 2019-20 की पहली तिमाही में 71 करोड़ घनमीटर रहा था। माधव ने बताया कि पहली तिमाही में प्राकृतिक गैस के उत्पादन पर प्राप्ति घटकर 2.39 डॉलर प्रति इकाई या एमएमबीटीयू रह गई, जो पहले 3.23 डॉलर प्रति इकाई रही थी। ऑयल इंडिया की गैस के उत्पादन की लागत 2.3 डॉलर प्रति इकाई रहा। माधव ने कहा कि गैस के उत्पादन पर प्राप्ति ठीक रही, लेकिन तेल के उत्पादन पर प्राप्ति घटने की वजह से कंपनी को नुकसान हुआ।
पंजाब नेशनल बैंक
देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,018.63 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में पीएनबी ने कहा है कि इन आंकड़ों की तुलना पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के आंकड़ों से नहीं की जा सकती, क्योंकि एक अप्रैल, 2020 से ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और युनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया का पीएनबी में विलय प्रभावी हुआ है।
तिमाही के दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 24,292.80 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 15,161.74 करोड़ रुपये थी। संपत्ति के मोर्चे पर बैंक की सकल गैर निष्पादित आस्तियां (एनपीए) जून, 2020 के अंत तक घटकर 14.11 फीसदी रह गईं, जो जून, 2019 में 16.49 फीसदी थीं। इसी तरह बैंक का शुद्ध एनपीए 7.17 फीसदी से घटकर 5.39 फीसदी रह गया।