ADB का अनुमान, 2018-19 में 7.3 फीसदी के पार चली जाएगी भारत की GDP
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीएसटी और बैंकिंग सुधार के कारण भारत की आर्थिक विकास दर (जीडीपी) मौजूदा कारोबारी साल में बढ़कर 7.3 फीसदी पर पहुंच जाने और अगले कारोबारी साल में और भी ज्यादा 7.6 फीसदी रहने की उम्मीद है। इससे भारत सबसे तेज एशियाई अर्थव्यवस्था के खिताब को बरकरार रख पाने में कामयाब रहेगा।
मनीला मुख्यालय वाले एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने अपनी एशियाई विकास परिदृश्य (एडीओ), 2018 रिपोर्ट में कहा कि व्यापार के सामने जोखिम बहुत अधिक है और आने वाले समय में बदले की कार्रवाइयों के चलते एशियाई क्षेत्र में विकास प्रभावित हो सकता है।
पिछले कारोबारी साल में देश की विकास दर 6.6 फीसदी रही थी। इस दौरान अर्थव्यवस्था को कई चीजों ने प्रभावित किया, जिसमें 2016 की नोटबंदी का विलंबित असर, 2017 में कारोबार का जीएसटी के मुताबिक समायोजन और कृषि का धीमा विकास शामिल हैं। 2016-17 में देश की विकास दर 7.1 फीसदी थी। इस साल विकास दर 7.3 फीसदी रहने की उम्मीद के साथ भारत दो साल की गिरावट के रुझान को उलटने जा रहा है।
चीन के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है कि उसकी विकास दर 2017 के 6.9 फीसदी से घटकर इस साल 6.6 फीसदी रह जाएगी और 2019 में यह और घटकर 6.4 फीसदी पर पहुंच जाएगी। भारत के संदर्भ में मौजूदा कारोबारी साल के लिए एडीबी का 7.3 फीसदी विकास अनुमान रेटिंग एजेंसी फिच के अनुमान के बराबर है, लेकिन आरबीआई के 7.4 फीसदी से कम है।
सुधारों का मिलता रहेगा लाभ
एडीबी के मुख्य अर्थशास्त्री यासुयुकी सवाडा ने कहा कि थोड़े समय के विपरीत प्रभाव के बावजूद हाल में लागू हुए जीएसटी जैसे सुधारों के लाभ भविष्य में भारत की विकास दर को ऊपर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियमों के उदारीकरण और कारोबारी सहूलियत बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे सरकारी कदमों की वजह से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के तेज प्रवाह से विकास को और बल मिलेगा।
एडीओ रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका के संरक्षणवादी कदमों से अभी तक एशिया का आयात और निर्यात प्रभावित नहीं हुआ है। इसके (अमेरिकी शुल्क) विरुद्ध बदले की कार्रवाई से हालांकि एशियाई परिदृश्य को प्रभावित करने वाला कारोबारी और उपभोक्ता मनोबल प्रभावित हो सकता है।
सबसे तेज एशियाई अर्थव्यवस्था का खिताब रहेगा बरकरार
एडीबी इंडिया के कंट्री निदेशक केनिचि योकोयामा ने कहा कि भारत पूरे एशिया की सबसे तेज विकास दर वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। उन्होंने हालांकि कहा कि बढ़ते जा रहे फंसे कर्ज (एनपीए) और कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंचने के जोखिम जेसे मुद्दे देश के सामने खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी शुल्कों में वृद्धि का असर अधिक नहीं होने वाला है, लेकिन फिर भी भारत को चौकस रहने की जरूरत है। सबसे बड़ा जोखिम कच्चे तेल की कीमत साबित हो सकती है।
एशिया की विकास दर रहेगी 6 फीसदी
एशियाई विकास परिदृश्य रिपोर्ट में एशिया के लिए इस साल छह फीसदी और 2019 में 5.9 फीसदी विकास का अनुमान रखा गया है। रिपोर्ट में एशिया के लिए जोखिम भी बताए गए हैं। व्यापार तनाव निश्चित रूप से सबसे बड़ा जोखिम है।
दूसरा जोखिम है तेजी से पूंजी का इस क्षेत्र से बाहर निकलना, जो अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा बाजार की उम्मीद से अधिक तेजी से ब्याज दर बढ़ाने की स्थिति में हकीकत बन सकता है। कुछ अर्थव्यवस्थाओं में निजी कंपनियों के कर्ज में लगातार हो रही वृद्धि भी विकास को प्रभावित कर सकती है। एशिया हालांकि इन झटकों से उबरने में पूरी तरह सक्षम दिख रहा है।