वायरल वीडियो: दुकान में देखकर खरीद लेते हैं सोने की चेन, लेकिन इसे बनाने का तरीका देख दंग रह जाएंगे
Viral Video: सोने जैसी दिखने वाली धातु के छोटे-छोटे टुकड़ों से खूबसूरत चेन और ब्रेसलेट बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कारीगर की मेहनत और बारीकी देखकर लोग उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
विस्तार
अक्सर जब हम ज्वैलरी की दुकान पर सोने की चमचमाती चेन और ब्रेसलेट देखते हैं, तो उनकी खूबसूरती देखकर आकर्षित हो जाते हैं। कई बार लोग इन्हें खरीदने के लिए अच्छी-खासी रकम भी खर्च करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि धातु के छोटे-छोटे टुकड़ों से इतनी खूबसूरत ज्वेलरी आखिर तैयार कैसे होती है? इसके पीछे कारीगरों की घंटों की मेहनत और गजब का हुनर छिपा होता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सोने जैसी दिखने वाली धातु से चेन और ब्रेसलेट बनाने का पूरा तरीका दिखाया गया है। वीडियो में कारीगर जिस बारीकी से एक-एक काम करता है, उसे देखकर लोग हैरान हैं।
आग की भट्टी से शुरू होता है चेन बनाने का काम
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सबसे पहले धातु के छोटे-छोटे टुकड़ों को आग की तेज भट्टी में गर्म करके पिघलाया जाता है। इसके बाद पिघली हुई धातु को एक आकार दिया जाता है और ठंडा करने के लिए पानी में डाला जाता है। फिर कारीगर हथौड़े की मदद से इसे बार-बार पीटता है, ताकि यह लंबी और चौकोर छड़ जैसी बन जाए। इसके बाद शुरू होता है मशीन का काम। देखने में यह मशीन गन्ने का रस निकालने वाली मशीन जैसी लगती है। कारीगर धातु की छड़ को इसके रोलर्स के बीच से कई बार गुजारता है। ऐसा करने से धातु धीरे-धीरे पतली होती जाती है और तार का रूप ले लेती है।
View this post on Instagram
A post shared by hamro jewellery workshop (@hamro_jewllery_workshop)
एक-एक कड़ी जोड़कर बनती है खूबसूरत चेन
तार तैयार होने के बाद उसे और पतला और सही आकार देने के लिए खास छेद वाले सांचे से गुजारा जाता है। इससे तार की मोटाई एक जैसी रखने और उसे सही गोल आकार देने में मदद मिलती है। इसके बाद कारीगर इसी तार से छोटी-छोटी कड़ियां तैयार करता है।
सावधानी से करना पड़ता है काम
वीडियो में आगे दिखता है कि कारीगर इन कड़ियों को एक-दूसरे में फंसा कर जोड़ता है। इसके बाद उन्हें सही जगह से काटकर सोल्डरिंग की मदद से जोड़ा जाता है। यह काम काफी सावधानी से करना पड़ता है क्योंकि छोटी-सी गलती भी चेन की बनावट बिगाड़ सकती है। धीरे-धीरे इन्हीं छोटी कड़ियों से एक खूबसूरत चेन और ब्रेसलेट तैयार हो जाते हैं। आखिर में इनकी चमक और फिनिशिंग देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि कभी ये धातु के छोटे-छोटे टुकड़े हुआ करते थे।
कारीगर के हुनर के मुरीद हुए लोग
इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स कारीगर की मेहनत और हुनर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि हम बाजार में सिर्फ तैयार ज्वेलरी की खूबसूरती देखते हैं, लेकिन इसे बनाने में कितनी मेहनत लगती है, इसका अंदाजा नहीं लगा पाते। वहीं, कुछ यूजर्स को तार बनाने वाली मशीन और चेन की छोटी-छोटी कड़ियां जोड़ने का तरीका काफी दिलचस्प लग रहा है। यह वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि बाजार में मिलने वाली खूबसूरत चीजों के पीछे कारीगरों का कितना धैर्य और हुनर छिपा होता है।