बेजुबान ने नहीं भूली इंसानियत, खाना खिलाने वाले शख्स की अंतिम यात्रा में घाट तक गया कुत्ता, भावुक पल वायरल
सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक कुत्ता अपने चहेते इंसान की अंतिम यात्रा में भी उसके साथ कदम से कदम मिलाकर चलता रहा।
विस्तार
कुत्तों की वफादारी और इंसानों के प्रति उनके लगाव की कहानियां पढ़ने और सुनने को मिलती हैं। कई बार बेजुबान जानवर अपने प्यार और समर्पण से ऐसी मिसाल पेश कर जाते हैं, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो जाती हैं। ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला मामला मध्य प्रदेश से सामने आया है। यहां पर एक कुत्ता अपने चहेते इंसान की अंतिम यात्रा में भी उसके साथ कदम से कदम मिलाकर चलता रहा।
इस कुत्ते का नाम कालू है। वह मोहल्ले में रहने वाला एक आवारा कुत्ता था, जिसे रोजाना खाना खिलाने वाले रिटायर्ड बैंककर्मी मोहनलाल रायकवार से खास लगाव हो गया था। मोहनलाल रोज उसे भोजन देते थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच गहरा रिश्ता बन गया। मोहनलाल ने ही उसे कालू नाम दिया था और अक्सर उससे बातें भी किया करते थे। लेकिन शायद किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता इतना गहरा हो चुका है कि उनके जाने के बाद भी कालू उनका साथ नहीं छोड़ेगा।
दरअसल, जब मोहनलाल रायकवार की अंतिम यात्रा निकाली गई तो कालू भी उनके पीछे-पीछे चलने लगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह पूरी यात्रा के दौरान साथ नजर आया। बताया जा रहा है कि कालू अंतिम यात्रा के दौरान दो मिनट के मौन में भी शामिल हुआ। इतना ही नहीं, अंतिम संस्कार की रस्मों के दौरान भी वह घाट पर मौजूद रहा।
मोहनलाल रोज एक कुत्ते को खाना खिलाते थे, शायद उन्हें भी नहीं पता था कि उनके जाने के बाद वही बेजुबान उन्हें आखिरी विदाई देने पहुंचेगा। मध्य प्रदेश के सीहोर में 75 वर्षीय मोहनलाल रैकवार का पिछले सप्ताह निधन हो गया। वह बैंक से रिटायर कर्मचारी थे। मोहल्ले में रहने वाला एक आवारा कुत्ता था, जिसका नाम उन्होंने कालू रखा था। मोहनलाल रोज उसे खाना खिलाते थे, नाम लेकर बुलाते थे और उससे बातें भी किया करते थे। जब उनकी अंतिम यात्रा निकली, तो कालू बिना किसी के बुलाए उसके पीछे चल पड़ा। श्मशान घाट पहुंचने के बाद भी कालू वहां से नहीं गया। वह अंतिम संस्कार पूरा होने तक वहीं बैठा रहा। इतना ही नहीं, बाद में शोकसभा में भी लोगों के बीच चुपचाप बैठा रहा और मोहनलाल की याद में रखे गए दो मिनट के मौन में भी शामिल रहा। जिस इंसान ने उसे रोज थोड़ा सा खाना और अपनापन दिया, उसके जाने पर वह उसे अकेला छोड़ने को तैयार नहीं था। कहते हैं जानवर बेजुबान होते हैं, लेकिन उनका प्यार और वफादारी कई बार बिना कुछ कहे बहुत कुछ समझा जाती है।
— बघीरा 😺 (@LegalAdvisour) November 24, 2026
बेटी की मेहंदी में अनंत सिंह की पत्नी ने लूटी महफिल, बाॅलीवुड गाने पर करती दिखीं डांस स्टेप, वीडियो हुआ वायरल
इस भावुक कर देने वाले वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया है। लोग कालू की वफादारी और मोहनलाल के प्रति उसके लगाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक शख्स ने लिखा कि इंसान भले ही धोखा दे दे, लेकिन जानवर कभी अपना प्यार नहीं भूलते। वहीं, दूसरे शख्स ने कहा कि मोहनलाल ने कालू को रोज दो रोटी और थोड़ा प्यार दिया था, जिसका कर्ज उसने अपनी वफादारी से चुकाया है।
क्या होता है बीवर मून? आसमान में दिखा अद्भुत नजारा, सोशल मीडिया पर खूबसूरत तस्वीरें हो रही हैं वायरल
कालू की यह कहानी एक बार फिर साबित करती है कि प्यार और अपनापन जताने के लिए शब्दों की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी बेजुबान जानवर भी अपने व्यवहार से ऐसा रिश्ता निभा जाते हैं, जिसे इंसान जीवनभर याद रखता है।
