अजब: '50 से ज्यादा बार एलियंस ने किया किडनैप, कराई दूसरी दुनिया की सैर' ब्रिटेन की महिला का दावा
पौला का कहना है कि एलियंस पचास से ज्यादा बार उनका अपहरण कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया है कि एलियंस उन्हें यूएफओ में ले जाते हैं और दूसरी दुनिया की सैर कराते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एलियन जैसा कोई प्राणी सच में होता भी है या नहीं, इस बात को लेकर दुनियाभर में काफी समय से बहस छिड़ी हुई है। ऐसे विषयों पर बात करने के लिए व अपनी राय रखने के लिए इंटरनेट की दुनिया में कई वेबसाइट्स, पेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व फोरम मौजूद हैं। अलग-अलग देशों से कई बार लोगों ने एलियंस को देखने का दावा किया है, लेकिन आज तक अपने दावे के लिए कोई भी प्रमाण नहीं दे पाया। अब तक जो सबूत सामने आए भी हैं उन्हें एडिटेड या फिर झूठा बता दिया जाता है। फिलहाल एलियंस के होने का दावा एक बार फिर से किया जा रहा है। यह दावा ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड में रहने वाली 50 वर्षीय महिला पौला स्मिथ ने किया है। पौला का कहना है कि एलियंस पचास से ज्यादा बार उनका अपहरण कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया है कि एलियंस उन्हें यूएफओ में ले जाते हैं और दूसरी दुनिया की सैर कराते हैं।
एलियंस ने शरीर में दिए निशान
पौला ने बताया कि एलियंस उनका अपहरण तब से कर रहे हैं, जब वह बच्ची थीं। उसके बाद से अब तक ऐसा 50 से अधिक बार हो चुका है। इतना ही नहीं, अपनी बात को साबित करने के लिए पौला ने सबूत भी पेश किए। उन्होंने अपने शरीर में बने कई निशान दिखाए। उसका कहना है कि जब भी एलियन उनका अपहरण करते हैं तब वे उनके शरीर पर खास तरह का निशान बना देते हैं। पौला ने कहा कि इन निशानों का एलियंस की दुनिया में खास मतलब होता है।
घर वालों ने कहा 4-5 घंटे के लिए गायब हो जाती हैं पौला
पौला के अनुसार एलियन उन्हें अब तक 52 बार अपने साथ दूसरी दुनिया में ले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि एलियन उन्हें ले जाने से पहले कोई वॉर्निंग नहीं देते। वहीं उनके घर वालों का कहना है कि अचानक पौला घर से चार से पांच घंटे के लिए गायब हो जाती हैं। इसके बाद अचानक ही आ जाती हैं। पौला के मुताबिक इस चार पांच घंटों के दौरान वे एलियंस के साथ उनके यूएफओ में रहती हैं। वहां एलियंस उन्हें तरह-तरह के तकनीक दिखाते हैं, जो अभी तक पृथ्वी पर मौजूद नहीं है।
अजीब सी दवाई देते हैं एलियन
पौला के अनुसार जब एलियन उनका किडनैप कर लेते हैं उसके बाद वे उन्हें अजीब सी दवाई देते हैं। उन्होंने कहा कि वह उस दवा को नहीं लेना चाहतीं, लेकिन इससे भाग नहीं पातीं। पौला ने कहा कि इस दवा से उन्हें काफी कमजोरी हो जाती है। एलियन उन्हें समुद्र और आसमान का रंग बदलते हुए दिखाते हैं। पौला ने एक पेंटिंग भी बनाई है, जिसमें उन्होंने दिखाने की कोशिश की है कि जो एलियन उन्हें ले जाते हैं वे कैसे दिखते हैं। पौला ने जब अपने अनुभव लोगों के साथ साझा किया तो कई लोगों ने उन्हें पागल कह डाला, लेकिन इस बात से पौला को कोई फर्क नहीं पड़ा, वह अपनी बात पर अडिग रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कई अन्य लोग भी होंगे जो एलियंस से मिल चुके होंगे, उन्हें भी सामने आना चाहिए और अपने अनुभवों को साझा करना चाहिए।