{"_id":"649abb60b70eb4dc4d0c93ca","slug":"truck-driver-fell-down-from-bridge-during-mining-department-s-action-in-arrah-body-found-after-12-hours-2023-06-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: खनन विभाग की कार्रवाई के दौरान पुल से नीचे गिरा ट्रक ड्राइवर, 12 घंटे बाद मिला शव; धक्का देने का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: खनन विभाग की कार्रवाई के दौरान पुल से नीचे गिरा ट्रक ड्राइवर, 12 घंटे बाद मिला शव; धक्का देने का आरोप
Tue, 27 Jun 2023 04:05 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आरा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Tue, 27 Jun 2023 04:05 PM IST
सार
पुलिस अधिकारी संजय कुमार ने घटना को लेकर बताया कि मालूम चला है कि एक ट्रक ड्राइवर सिक्सलेन पुल से नीचे गिर गया है। उसे ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा था। अब शव मिल गया है। ट्रक ड्राइवर पुल से कैसे गिरा, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के भोजपुर के आरा में पुलिस और स्थानीय लोगों ने सोमवार रात सोन नदी पर बने पुल से गिरे ट्रक ड्राइवर के शव को मंगलवार को बरामद कर लिया है। ट्रक ड्राइवर को ढूंढ़ने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग लगातार प्रयास कर रहे थे, जिसके 12 घंटे बाद उसका शव मिला।
विज्ञापन
दरअसल, ओवरलोडिंग बालू परिचालन के खिलाफ खनन विभाग के विशेष छापेमारी अभियान के बीच ट्रक चालकों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच कोईलवर सोन नदी पर बने सिक्सलेन पुल से संदेहास्पद स्थिति में एक ड्राइवर पुल के नीचे गिर गया था। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से टॉर्च की रोशनी में सोन नदी की तेज धारा के बीच पुल से गिरे ड्राइवर को रात भर ढूढ़ने का प्रयास कर रही थी। घटना की जानकारी जैसे ही अन्य ट्रक चालकों और लापता ट्रक ड्राइवर के परिजनों को मिली तो उनके बीच कोहराम मच गया। वहीं, गुस्साए लोगों ने कोईलवर स्थित आरा-पटना फोरलेन पर बने न्यू सिक्सलेन पुल को जाम कर दिया।
विज्ञापन
खनन विभाग के ड्राइवर पर धक्का देने का आरोप
सड़क जाम करने वाले लोगों के मुताबिक खनन विभाग के द्वारा सोमवार को ओवरलोडिंग बालू परिचालन को लेकर धर-पकड़ की जा रही थी। इसी बीच पटना जिले के बिहटा पाली के रहने वाले ट्रक चालक की खनन विभाग के ड्राइवर के साथ नोकझोंक हुई। उसके बाद उन्हीं लोगों द्वारा ट्रक चालक को पुल के नीचे फेंक दिया गया।
विज्ञापन
अफरातफरी की वजह से ड्राइवर के गिरने की बात भी सामने आ रही
जबकि कुछ लोग ये बता रहे हैं कि ओवरलोडिंग बालू परिचालन के खिलाफ वाहनों की धर पकड़ के दौरान ट्रक ड्राइवरों में हड़कंप मच गया। फिर वे मौके पर अपनी गाड़ी खड़ी कर भागने लगे। उसी दौरान लापता ट्रक ड्राइवर भागने के सिलसिले में पुल से नीचे गिर गया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रक चालक खुद पुल से नीचे गिर गया या फिर खनन विभाग के कर्मियों के बीच नोकझोंक में उसे पुल के नीचे धकेल दिया गया।
वहीं, सड़क जाम और घटना की सूचना मिलने के बाद कोईलवर थाना और बिहटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां सड़क जाम करने वाले ट्रक चालक और परिजनों के गुस्से के सामने पुलिस मूक दर्शक बन खड़ी दिखी।
'पूरे मामले की छानबीन की जा रही है'
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी संजय कुमार ने घटना को लेकर बताया कि मालूम चला है कि एक ट्रक ड्राइवर सिक्सलेन पुल से नीचे गिर गया है। उसे ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा था। अब शव मिल गया है। ट्रक ड्राइवर पुल से कैसे गिरा, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोग खनन विभाग के ड्राइवरों के द्वारा ट्रक चालक को पुल से नीचे धकेलने की बात कह रहे हैं। वहीं, कुछ लोग यह बता रहे हैं कि खनन विभाग के छापेमारी के दौरान मची भगदड़ में ट्रक चालक पुल से नीचे गिर गया। ट्रक चालक का क्या नाम है। यह भी अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।