Bihar : एक सूटकेस ने रोक दी ट्रेनें; बिहार में किस स्टेशन पर मचा हड़कंप? घेरकर हुई जांच, फिर सब सामान्य
सीवान जंक्शन पर शुक्रवार को फुट ओवरब्रिज पर लावारिस हालत में संदिग्ध सूटकेस मिलने से हड़कंप मच गया। मेटल डिटेक्टर से आवाज आने के बाद आरपीएफ ने इलाके को घेरकर यात्रियों की आवाजाही रोक दी और एहतियातन प्लेटफॉर्म संख्या एक से ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए बंद कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीवान जंक्शन पर शुक्रवार को फुट ओवरब्रिज पर लावारिस हालत में मिले एक संदिग्ध सूटकेस से अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म संख्या एक से दो की ओर जाने वाले फुट ओवरब्रिज पर सूटकेस दिखाई देने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव मेटल डिटेक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सूटकेस की जांच शुरू कराई। सुरक्षा के लिहाज से इलाके को घेर लिया गया और यात्रियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई।
मेटल डिटेक्टर में आवाज आने के बाद बढ़ी सतर्कता
जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर से आवाज आने पर सुरक्षा कर्मियों ने किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए सूटकेस वाले इलाके को तत्काल घेर दिया। स्वचालित सीढ़ी से यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म संख्या एक से कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन भी रोक दिया गया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को जब संदिग्ध सूटकेस की जानकारी मिली तो उनके बीच भी बेचैनी बढ़ गई।
आरपीएफ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने तत्काल अपने वरीय अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और छपरा से बम निरोधक दस्ते को बुलाने की मांग की। पुलिस और आरपीएफ की सक्रियता के बीच स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। सूचना मिलते ही नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार भी सशस्त्र बलों के साथ सीवान जंक्शन पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पूछताछ में यात्री का होने की मिली जानकारी
इधर, स्थानीय लोगों और यात्रियों से पूछताछ के दौरान प्रारंभिक तौर पर जानकारी मिली कि सूटकेस किसी यात्री का है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति की पुष्टि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही होनी थी। आरपीएफ निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद ही सूटकेस के संबंध में कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जा सकेगा। सुरक्षा कारणों से सूटकेस वाले स्थान को घेरकर रखा गया। करीब 10:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक से ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू किया गया। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे रहे।