बिहार न्यूज: दरवाजे पर सो रहा था बुजुर्ग, पड़ोसी ने लाठी से पीटकर मार डाला; बेटे के विवाद में हत्या का आरोप
सारण के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के चनना गांव में शनिवार रात गौतम राउत (60) की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव के ही रणजीत राय पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई है।
विस्तार
सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चनना गांव में शनिवार की रात एक बुजुर्ग की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चनना गांव निवासी अंबिका राउत (60) के पुत्र गौतम राउत के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। वहीं, मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों ने बताया कि गौतम राउत शनिवार की रात खाना खाने के बाद अपने दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान गांव के ही जयनाथ राय के पुत्र रणजीत राय उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान रणजीत राय अपने घर से लाठी लेकर आया और गौतम राउत पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे से सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण गौतम राउत की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे के विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा:
मृतक की पत्नी देवंती देवी ने बताया कि उनके बेटे का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से विवाद और कहासुनी हुई थी। घटना के बाद उनका बेटा कोलकाता चला गया था। आरोप है कि शनिवार की रात पड़ोस के लोग उनके बेटे को खोजते हुए घर पहुंचे थे। बेटे के नहीं मिलने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पति गौतम राउत ने इसका विरोध किया तो उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य:
घटना की सूचना मृतक के पुत्र ने मढ़ौरा थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
ये भी पढ़ें- बाढ़ पर सियासत: तेजस्वी यादव ने सरकार पर बोला हमला, पीएम मोदी के बॉस की हैसियत को लेकर भी कह दी बड़ी बात
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच:
मढ़ौरा थाने के थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि परिजनों की ओर से आपसी विवाद की बात बताई गई है। मामले की एफएसएल टीम से जांच कराई जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।