बिहार: बकाया रुपये के विवाद में दरोगा से धक्का-मुक्की, चाकू लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिहार के सारण जिले के पहलेजा घाट स्थित कसमर बाजार में बकाया रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंची टीम ने राजेश कुमार राय को हाथ में चाकू लेकर एक व्यक्ति से मारपीट और धमकी देते हुए पाया।
विस्तार
बिहार के सारण जिले में बकाया रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के दौरान पुलिस अधिकारी से धक्का-मुक्की और हाथापाई करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना पहलेजा थाना क्षेत्र के पहलेजा घाट स्थित कसमर बाजार की है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद किया है। मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पुलिस अधिकारी से हाथापाई का वीडियो
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक युवक पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और हाथापाई करता नजर आ रहा था। पुलिस को पहलेजा थाने में रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद को लेकर एक लिखित आवेदन मिला था। इसके बाद थानाध्यक्ष ने गश्ती पदाधिकारी को मामले की जांच के लिए मौके पर भेजा था।
हाथ में चाकू लेकर कर रहा था मारपीट, पुलिस से भी उलझा
थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस टीम आवेदक की फास्ट फूड दुकान पर पहुंची। वहां उत्तर सबलपुर नेबल टोला निवासी राजेश कुमार राय (पिता महेश राय) हाथ में चाकू लेकर आवेदक के साथ मारपीट कर रहा था। आरोप है कि वह आवेदक को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। गश्ती पदाधिकारी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी उनसे भी अभद्र व्यवहार करने लगा और धक्का-मुक्की व हाथापाई पर उतर आया। इससे मौके पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर आरोपी को किया गिरफ्तार
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल बुलाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपी राजेश कुमार राय को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक चाकू भी जब्त किया गया है। इस मामले में पहलेजा थाना कांड संख्या 206/26, दिनांक 6 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
थाने के बाहर जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ थाने के बाहर जुट गई थी। ग्रामीणों का कहना था कि युवक अपना बकाया पैसा मांगने गया था और इसी दौरान विवाद बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। विवाद की वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की कानूनी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।