Satta Ka Sangram: NDA का दावा- सारण में खूब विकास हुआ, INDIA ने पूछा- 11 सौ की गैस खरीदने के लिए रोजगार है?
Lok Sabha 2024: अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ मंगलवार को सारण लोकसभा क्षेत्र के छपरा में पहुंचा। यहां अमर उजाला ने सुबह चाय पर चर्चा, दोपहर में युवाओं से चर्चा और अब नेताओं से चर्चा में मतदाताओं के मुद्दों पर राजनतिक दलों के नेता जवाब दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...।
विस्तार
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' मंगलवार को बिहार के सारण लोकसभा क्षेत्र के छपरा में पहुंचा। यहां सुबह चाय पर चर्चा में आम मतदाताओं के मुद्दे जाने गए। दोपहर में युवाओं से चर्चा में युवा मतदाताओं ने लोकसभा क्षेत्र के अपने मुद्दों को बताया। वहीं, अब राजनीतिक दलों के नेता जनता के मुद्दों और समस्याओं का जवाब दे रहे हैं।
'सारण में खूब विकास हुआ है'
जिला स्कूल छपरा में अमर उजाला से बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि सारण में विकास बहुत अच्छे से हुआ है। कहीं भी रोड की स्थिति खराब नहीं है। पटना जाने के लिए पहले तीन-चार घंटे लगते थे, अब केवल एक घंटा लगता है। बिजली चौबीस घंटे मिल रही है। किसी दुर्घटना के बारे में सूचित करने के लिए कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर दिया गया है। जो सीधा सांसद राजीव प्रताप रूडी के कार्यालय लगता है।
'रोजगार पर जनता से वोट मांगने जा रहे हैं'
वहीं, राजद नेता ने कहा कि हम लोगों के बीच रोजगार के मुद्दे को लेकर जा रहे हैं। सत्रह साल बनाम सत्रह महीने की सरकार के मुददे को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्रह महीने की सरकार को पूरे देश ने देखा कि हम लोग काम करने वाले लोग हैं और काम कर रहे हैं।
भाजपा के विकास किए जाने के दावे को लेकर उन्होंने कहा कि रोजगार रहेगा तब न कोई भी विकास की बात होगी। मैं गैस सिलेंडर खरीदने जाऊंगा 11 सौ रुपये का? कांग्रेस के समय कितने रुपये का सिलेंडर था? 11 सौ का सिलेंडर खरीदने के लिए कहां से पैसा आएगा, जब रोजगार होगा तब न पैसा आएगा। 12 साल से फोरलेन बन रहा है, लेकिन आज तक निर्माण पूरा नहीं हुआ। मुद्दे की बात होनी चाहिए।