बिहार: पुलिसकर्मी बनकर व्यापारी से एक लाख रुपये उड़ाए, तलाशी के बहाने की ठगी; पुलिस जांच में जुटी
सीवान के बेलहट्टा पोखरा मोड़ के पास शनिवार को दो युवकों ने पुलिसकर्मी बनकर व्यापारी शंभू बरनवाल से तलाशी के बहाने एक लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
विस्तार
शहर में पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट करने वाले उचक्कों ने शनिवार को एक व्यापारी को अपना शिकार बनाया। नगर थाना क्षेत्र के बेलहट्टा पोखरा मोड़ के पास सादे कपड़ों में पहुंचे दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर झोला और जेब की तलाशी लेने के बहाने व्यापारी के एक लाख रुपये उड़ा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित व्यवसायी की पहचान असांव थाना क्षेत्र के पतार निवासी शंभू बरनवाल के रूप में हुई है। वह अपने पुत्र सोनू बरनवाल के साथ दुकान के लिए सामान खरीदने सीवान की गल्ला मंडी आया था। शनिवार को नया बाजार स्थित बेलहट्टा पोखरा के समीप वह एक दुकान से झाड़ू खरीद रहा था। इसी दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि साहब बुला रहे हैं।
पढ़ें: 'नीतीश का साथ देने के लिए हत्या करना गलत था', अनंत सिंह के बयान पर बोले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
व्यवसायी अपने पुत्र के साथ बताए गए व्यक्ति के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद दूसरे युवक ने भी खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद दोनों ने जांच के नाम पर पिता-पुत्र के बैग और जेब की तलाशी लेनी शुरू कर दी। कथित पुलिसकर्मियों ने सोनू बरनवाल के रुपये वापस कर दिए, जबकि शंभू बरनवाल के बैग से एक लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए।
कुछ देर बाद जब शंभू बरनवाल झाड़ू खरीदने वाली दुकान पर भुगतान करने के लिए अपना बैग खोलने लगा, तो उसमें रखे एक लाख रुपये गायब मिले। रुपये गायब देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोपितों की पहचान के लिए आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक कहां से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। शहर के व्यस्त बाजार में पुलिसकर्मी बनकर हुई इस घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।