Bihar: मेडिकल छात्र का शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, किर्गिस्तान में रूम पार्टनर ने की थी हत्या
Bihar: नितीश के बड़े भाई धनु कुमार चौबे और मां ने उन्हें डॉक्टर बनाने के लिए बड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ किर्गिस्तान भेजा था। परिवार ने उसकी पढ़ाई पर काफी खर्च भी किया था। लेकिन इस दर्दनाक घटना ने उनकी सारी उम्मीदों को तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के चकिया गांव में सोमवार की संध्या उस वक्त कोहराम मच गया, जब मेडिकल छात्र नितीश कुमार चौबे का शव विदेश से गांव पहुंचा। जैसे ही पार्थिव शरीर गांव में लाया गया, परिजनों के साथ पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। हर आंख नम थी। लोगों का कहना था कि नितीश डॉक्टर बनकर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करता, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
किर्गिस्तान में मामूली विवाद में हुई हत्या
मृतक नितीश कुमार चौबे (26) चकिया गांव निवासी वशिष्ठ चौबे के पुत्र थे और किर्गिस्तान स्थित यूरेशियन यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र थे। उनका कोर्स जुलाई में पूरा होने वाला था। इसी बीच, 8 दिन पूर्व उनका अपने रूम पार्टनर दीपेश गुर्जर (निवासी राजस्थान) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दीपेश ने गुस्से में आकर प्रेशर कुकर से नितीश के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नितीश को आसपास के छात्रों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
बेटे को डॉक्टर बनाने का था सपना, सपना चकनाचूर हुआ
नितीश के बड़े भाई धनु कुमार चौबे और मां ने उन्हें डॉक्टर बनाने के लिए बड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ किर्गिस्तान भेजा था। परिवार ने उसकी पढ़ाई पर काफी खर्च भी किया था। लेकिन इस दर्दनाक घटना ने उनकी सारी उम्मीदों को तोड़ दिया। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर फैल गई। गांव के लोग बताते हैं कि नितीश शुरू से ही पढ़ाई में होनहार था और गांव का इकलौता लड़का था जो डॉक्टर बनने जा रहा था। अब उसकी मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।