बिहार: स्नान करने के दौरान पैर फिसला, गहरे पानी में समा गया 25 वर्षीय युवक, सुबह एसडीआरएफ करेगी तलाश
सारण के डोरीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार शाम स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से 25 वर्षीय आकाश कुमार तालाब में डूब गया। देर शाम तक शव नहीं मिला। नाराज ग्रामीणों ने चिरांद मोड़ पर सड़क जाम किया। सुबह एसडीआरएफ तलाश करेगी।
विस्तार
सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तालाब में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रसलपुरा गांव में परमहंस बाबा के मठिया के समीप स्थित तालाब में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम तक शव बरामद नहीं होने से गांव में मातम के साथ ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला। मृतक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी राजू राय के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि बुधवार शाम करीब चार बजे आकाश स्नान करने के लिए तालाब में गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तालाब के पास जुट गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका शव बरामद नहीं हो सका। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में भी परेशानी आने लगी। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद तालाब में दोबारा शव की तलाश की जाएगी।
पढे़ं: सम्राट चौधरी सरकार ने 30 प्रस्तावों पर लगाई मुहर; जानें, मंत्रिपरिषद् के फैसले
शव बरामद नहीं होने और प्रशासनिक कार्रवाई में देरी से नाराज ग्रामीणों ने चिरांद मोड़ के पास छपरा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीण युवक के शव को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर सदर सीओ खुशी कुमारी मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि रात में अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान चलाना मुश्किल है। सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में व्यापक स्तर पर शव की तलाश कराई जाएगी। सीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। मौके पर डोरीगंज थानाध्यक्ष राजशेखर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।