बिहार में हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर 14 वर्षीय किशोर की मौत, नवरात्र की खुशियां मातम में बदलीं
गोपालगंज के बगहवां मिश्र गांव में शनिवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर 14 वर्षीय अतुल यादव की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सड़क पर बने अवैध स्पीड ब्रेकर को हादसे की वजह बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत बगहवां मिश्र गांव में शनिवार की अहले सुबह सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के निवासी नेबुलाल यादव के इकलौते पुत्र अतुल यादव के रूप में हुई है। नवरात्र की महासप्तमी के दिन हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
ट्रैक्टर को झटका लगने से सड़क पर गिरा किशोर
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे वार्ड संख्या छह के वार्ड सदस्य संजय राम की ट्रैक्टर-ट्रॉली आलू निकालने के लिए कोल्ड स्टोरेज की ओर जा रही थी। अतुल यादव भी इसी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार था। वाहन जैसे ही मिश्र बगहवां के वृत्ति टोला की मुख्य सड़क से गुजरा, अचानक जोरदार झटका लगा। इससे अतुल असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
पढ़ें: 'नीतीश का साथ देने के लिए हत्या करना गलत था', अनंत सिंह के बयान पर बोले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य सड़क पर बिजली के एक पुराने खंभे को जमीन पर लिटाकर अवैध तरीके से स्पीड ब्रेकर बनाया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी स्पीड ब्रेकर के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार झटका लगा और किशोर सड़क पर गिर गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल अतुल को भोरे रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे को खोने के बाद मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया। ओपी प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है