बिहार: प्रखंड कार्यालय के पास चाय दुकान पर बिछाया जाल, 20 हजार की घूस लेते अमीन गिरफ्तार
पूर्णिया के भवानीपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने जमीन की मापी के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए सरकारी अमीन प्रमोद उरांव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पीड़ित की शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने यह कार्रवाई की।
विस्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पूर्णिया जिले के भवानीपुर प्रखंड कार्यालय परिसर से एक सरकारी अमीन को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अमीन की पहचान भवानीपुर अंचल में पदस्थापित प्रमोद उरांव के रूप में हुई है। अमीन की अचानक गिरफ्तारी से अंचल सह प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निगरानी टीम का नेतृत्व सीनियर डीएसपी संतोष कुमार ने किया।
मामले को लेकर पीड़ित विलास साह ने बताया कि अमीन प्रमोद उरांव जमीन की मापी करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह मापी करने नहीं जाता था, जिसके कारण उन्हें अंचल कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे थे। इससे परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग को लिखित शिकायत दी थी।
मामले की जानकारी देते हुए निगरानी विभाग के सीनियर डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि माधवनगर निवासी पीड़ित विलास साह ने अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि अमीन प्रमोद उरांव जमीन की मापी करने के एवज में 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह मापी करने नहीं जाता था, जिसके कारण पीड़ित को अंचल कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
ये भी पढ़ें- राघोपुर नाव हादसा: 13 बच्चों के शव गंगा में क्यों विसर्जित किए गए? जानिए पीढ़ियों पुरानी परंपरा
रिश्वत मांगे जाने से परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। विभाग की ओर से शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद टीम ने गुरुवार को प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप स्थित एक चाय की दुकान पर जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने अमीन को 20 हजार रुपये सौंपे, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम आरोपी अमीन को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।