बिहार: हत्या कर शव पेड़ से लटकाया, आत्महत्या दिखाने की रची साजिश; मनिरुद्दीन केस में चार गिरफ्तार
पूर्णिया के भवानीपुर में मनिरुद्दीन उर्फ पुरन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंध का पता चलने पर आरोपी इलियास ने अपने तीन बेटों के साथ मिलकर मनिरुद्दीन की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया था।
विस्तार
पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में गत 25 अगस्त को हुई मनिरुद्दीन उर्फ पुरन की रहस्यमय मौत और सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह खूनी वारदात प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंधों के कारण उपजे आक्रोश में अंजाम दी गई थी।
पुलिस अनुसंधान और तकनीकी जांच में यह बात सामने आई कि मृतक मनिरुद्दीन का अपनी ही समधिन (मुख्य आरोपी इलियास की पत्नी) के साथ लंबे समय से अवैध संबंध चल रहा था। घटना के दिन आरोपी इलियास ने अपनी पत्नी और मनिरुद्दीन को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद आक्रोशित पति इलियास ने अपने बेटों के साथ मिलकर मनिरुद्दीन पर हमला कर दिया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद आरोपियों ने शातिराना अंदाज में वारदात को छिपाने और इसे खुदकुशी साबित करने की साजिश रची। वे शव को देवरी बहियार ले गए और एक पेड़ से लटका दिया। घटना के चार दिन बाद, 28 अगस्त को देवड़ी बहियार में नदी किनारे घने जंगल के बीच पेड़ से लटका हुआ शव बरामद हुआ था। इसके बाद भवानीपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की बारीकी से जांच शुरू की।
पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस समधी इलियास ने अपने बेटों के साथ मिलकर हत्या की थी, उसी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मनिरुद्दीन के लापता होने की झूठी सूचना थाने में दर्ज कराई थी। इलियास और उसकी पत्नी लगातार मनगढ़ंत कहानियां बनाकर पुलिस की जांच को भटकाने का प्रयास करते रहे, लेकिन पुलिस के वैज्ञानिक अनुसंधान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी सर्विलांस के सामने उनकी एक न चली।
ये भी पढ़ें- बिहार: पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, पथराव में वाहन का शीशा टूटा; ASI घायल उपचार जारी
मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मृतक के समधी इलियास तथा उसके तीन बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब मुख्य आरोपी इलियास की पत्नी ने पुलिस के सामने सच्चाई स्वीकार कर ली और इस पूरे मामले में सरकारी गवाह बन गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल कर कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में जुट गई है।