Bihar: नेपाल में मस्जिद तोड़फोड़ के विरोध में सीमा पर प्रदर्शन, जोगबनी बॉर्डर पर कुछ घंटों के लिए आवाजाही ठप
Bihar: नेपाल के धनुषा जिले में मस्जिद तोड़फोड़ की घटना के विरोध में जोगबनी भारत–नेपाल सीमा पर प्रदर्शन हुआ। सुरक्षा कारणों से सीमा पर कुछ समय के लिए आवागमन बंद रहा। प्रशासन की सतर्कता से स्थिति नियंत्रित की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पड़ोसी देश नेपाल के धनुषा जिले के एक गांव में मस्जिद में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में रविवार को भारत–नेपाल सीमा पर विरोध प्रदर्शन किया गया। जोगबनी से सटे नेपाल प्रभाग के रानी भंसार क्षेत्र स्थित दो नंबर बैरियर के समीप समुदाय विशेष के लोगों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय सीमा की सुरक्षा के मद्देनजर एसएसबी के जवानों और जोगबनी थाना पुलिस ने एहतियातन कुछ घंटों के लिए सीमा पर आवाजाही बंद कर दी। इस दौरान भारत से नेपाल और नेपाल से भारत की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन रोक दिया गया, जिससे भारतीय सीमा क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जोगबनी सीमा पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई और प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने की अपील की गई।
इस संबंध में मिल्स एरिया के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि किसी व्यक्ति का विरोध करना अलग बात है, लेकिन किसी धर्मस्थल के साथ इस तरह की घिनौनी हरकत पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से दोषी असामाजिक तत्वों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पढे़ं: शराब पार्टी के दौरान दो युवकों की हत्या, एक को जमीन के नीचे दफनाया...दूसरे को गेहूं के खेत में फेंका
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फारबिसगंज डीएसपी मुकेश शाह, जोगबनी थाना अध्यक्ष राजीव कुमार आज़ाद, गौरव कुमार, जोगबनी नगर परिषद कर्मी प्रवेज आलम सहित एसएसबी के जवान मौजूद रहे और हालात पर लगातार नजर बनाए रखी। प्रशासन की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई।