{"_id":"63f4c3edf6e5136aad05f163","slug":"police-mercilessly-beat-couple-who-came-for-examination-of-girl-to-appear-in-aurangabad-pregnant-woman-fainted-2023-02-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: औरंगाबाद में साली को पेपर दिलाने आए दीदी और जीजा को पुलिस ने बेरहमी से पीटा, गर्भवती महिला बेहोश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: औरंगाबाद में साली को पेपर दिलाने आए दीदी और जीजा को पुलिस ने बेरहमी से पीटा, गर्भवती महिला बेहोश
Tue, 21 Feb 2023 06:51 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Tue, 21 Feb 2023 06:51 PM IST
सार
दंपती एक लड़की को बिहार मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा दिलाने आए थे। परीक्षार्थी उनकी रिश्तेदार है। दंपती मंगलवार को लड़की को लेकर अनुग्रह मेमोरियल परीक्षा केंद्र आए थे। जहां पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीट दिया। पुलिस द्वारा की गई बेरहम पिटाई से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
इलाज के दौरान पीड़ित दंपती
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
औरंगाबाद में पुलिस ने दबंगई दिखाते हुए एक दंपती को बेरहमी से पीटा है। पीड़ितों में महिला चार महीने की गर्भवती है। पिटाई से पति-पत्नी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं हैं। दोनों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बिहार प्रशासन प्रदेश में पुलिस सप्ताह मना रहा है, जबकि इसके दूसरे दिन औरंगाबाद में यह खौफनाक घटना घटी है।
विज्ञापन
दंपती एक लड़की को बिहार मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा दिलाने आए थे। परीक्षार्थी पति की साली है तो पत्नी की बहन। दंपती मंगलवार को लड़की को परीक्षा के अंतिम दिन प्रथम पाली में संस्कृत की परीक्षा दिलाने शहर के अनुग्रह मेमोरियल परीक्षा केंद्र आए थे। जहां पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीट दिया। पुलिस द्वारा की गई बेरहम पिटाई से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है। पीड़ितों की पहचान गया जिले के आंती थाना के राजा बिगहा निवासी अजीत कुमार और उसकी पत्नी खुशी कुमारी के रूप में की गई है।
विज्ञापन
परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार कर रहा था दंपती
सदर अस्पताल में इलाज करा रहे अजीत ने बताया कि देव थाना के केताकी में उसका ससुराल है। ससुराल में 23 फरवरी को मेरे एक साले की शादी है। इसी शादी में शामिल होने दोनों केताकी आएं हुए हैं। वे शादी के लिए खरीदारी करने आज ही औरंगाबाद आने वाले थे। ससुराल से ही प्रिया कुमारी रोज मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा देने औरंगाबाद आ रही थी। लिहाजा मंगलवार को साली को भी साथ लेकर वह पत्नी के साथ औरंगाबाद चला आया।
विज्ञापन
उसने बताया कि औरंगाबाद आकर उसने अपनी साली को अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया। साली परीक्षा देने परीक्षा केंद्र के अंदर चली गई और वह पत्नी के साथ परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार करने लगा। इस दौरान परीक्षा केंद्र के गेट से कुछ दूरी पर खड़े होकर वह अपनी पत्नी को एक वीडियो दिखा रहा था। यह देखकर गेट के अंदर से एक पुलिसकर्मी आ धमका और भद्दी गाली देते हुए कहा कि चोरी कराने के लिए यहां खड़ा है।
चार महीने की गर्भवती पत्नी को बेरहमी से पीटा
उसने बताया कि पुलिस वाले ने कहा कि अभी बताते हैं। यह कहते हुए वह पुलिसकर्मी उसे गेट पर ही पीटते हुए गेट के अंदर ले गया और जमकर बेरहमी से पीटा। यह देख उसकी पत्नी खुशी भी गेट के अंदर घुस गई और वह बीच में आकर उसका बचाव करने लगी। बीच-बचाव करने पर पुलिसकर्मी ने महिला का जरा भी ख्याल नहीं किया और उसे भी बेरहमी से पीट दिया। महिला को पीट रहे पुलिसकर्मी ने उसके पेट को उभरा देख गर्भवती होने का भी ख्याल नहीं किया और पीटता रहा। इससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई, जबकि पीड़ित युवक भी पुलिस की पिटाई से बेदम होकर वहीं पर लुढ़क पड़ा।
दंपति की हालत खतरे से बाहर
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों को औरंगाबाद सदर अस्पताल लाकर इलाज के लिए भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज कराने के दो घंटे बाद महिला को होश आया। जहां डॉक्टरों ने यह बताया कि उसके चार महीने के गर्भ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और वह सुरक्षित है। तब जाकर उसके जान में जान आई। उसने कहा कि पुलिस की पिटाई से उसका चेहरा सूजकर काला हो गया है और पूरा शरीर दर्द कर रहा है। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के बाद हालत खतरे से बाहर होने पर दंपती को अस्पताल से छुट्टी दे दी है।
आरोपी पुलिसकर्मियों ने घटना के होने से ही किया इनकार
घटनास्थल अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों से इस घटना के बारे में पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यहां ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं है। वहीं, गेट पर ही मौजूद कई अभिभावकों ने नाम न छापने के शर्त पर कहा कि घटना सही है और पुलिस ने दंपती को बेरहमी से पीटा है। वहीं, मामले को लेकर जब औरंगाबाद की एएसपी सह सदर एसडीपीओ स्वीटी सहरावत से पक्ष लेने के लिए उनसे संपर्क किया गया तो वहां से कोई जवाब नहीं मिला।
प्रशासन को पब्लिक फ्रेंडली बनाने लिए मनाया जा रहा पुलिस सप्ताह
बिहार में पुलिस के जन-जन की ओर बढ़ते कदम के स्लोगन के साथ पुलिस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिस को पब्लिक फ्रेंडली बनाने और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। पुलिस सप्ताह के दूसरे दिन घटी इस घटना से लोग पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर से सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं।