Patna News: वंदे भारत पर पथराव करना पड़ा भारी, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है मामला?
Patna News: बख्तियारपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुए पथराव मामले में जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर स्कूली बच्चों पर लगा आरोप गलत साबित हुआ, जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर असली आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
नालंदा में बख्तियारपुर के पास 26 मार्च 2026 को लगभग पौने दो बजे गाड़ी संख्या 22234 पटना–न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले व्यक्ति को रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 26 मार्च को जब ट्रेन संख्या 22234 पटना–न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस बख्तियारपुर जंक्शन से थ्रू पास कर रही थी, तभी दाहिनी ओर से पत्थर फेंका गया। इस घटना में कोच संख्या C-1 की सीट संख्या 41, 42 और 43 के शीशों में दरार (क्रैक) आ गई थी।
जांच में सामने आई सच्चाई
प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों की निशानदेही पर अथमलगोला प्रखंड के छोटे बच्चों द्वारा पथराव किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद रेल पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और स्कूली बच्चों को जागरूक भी किया था। हालांकि, मामले की आगे की जांच में सच्चाई कुछ और ही निकली। रेलवे द्वारा जांच आगे बढ़ाने पर एक अन्य व्यक्ति द्वारा पथराव किए जाने का वीडियो सामने आया। बख्तियारपुर रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक प्रभारी जवाहरलाल के निर्देशन में और बख्तियारपुर रेलवे सुरक्षा में तैनात अवर निरीक्षक चक्रपाणि कुमार द्वारा मामले की विस्तृत जांच की गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
जांच के दौरान न्यू जलपाईगुड़ी स्थित संबंधित विभाग से वंदे भारत ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए गए। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा गया कि बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के मोकामा छोर की ओर से एक व्यक्ति दाहिनी ओर से ट्रेन पर पत्थर मार रहा है। उक्त व्यक्ति की पहचान स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से की गई। स्पष्ट पहचान के लिए उसके विज़िबल फोटोग्राफ और वीडियोग्राफ भी प्राप्त किए गए। इन वीडियो और फोटो को स्थानीय रेल मित्रों एवं गणमान्य व्यक्तियों के बीच साझा किया गया।
ये भी पढ़ें: नीतीश सरकार का बड़ा एक्शन, लखीसराय के डीएम को अचानक हटाया, एडीएम को मिला प्रभार
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
अंततः मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी बख्तियारपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बख्तियारपुर स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अजय कुमार (उम्र 54 वर्ष), पिता स्वर्गीय सिद्धेश्वर प्रसाद, निवासी झिंगनगर, थाना बिहार, जिला नालंदा के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान वंदे भारत ट्रेन पर पथराव करने की बात स्वीकार कर ली है। साथ ही रेलवे द्वारा जारी वीडियो में भी वह ट्रेन पर पत्थर मारते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.