{"_id":"6a32eee64244891b580dbc46","slug":"two-siblings-die-by-drowning-in-pond-in-rohtas-bihar-news-patna-news-c-1-1-noi1396-4407176-2026-06-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: खेलते-खेलते तालाब पहुंचे मासूम, डूबने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: खेलते-खेलते तालाब पहुंचे मासूम, डूबने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
Thu, 18 Jun 2026 09:13 AM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतास
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतास
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Thu, 18 Jun 2026 09:13 AM IST
सार
घर से खेलने निकले दो मासूम बच्चों की जिंदगी एक दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। तालाब से सगे भाई-बहन के शव मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बाउर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। मृत बच्चों की पहचान बाउर गांव निवासी अनिल बैठा के पुत्र सीटू कुमार (8) और पुत्री दिव्या कुमारी (10) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार बुधवार को मृत बच्चों के पिता अनिल बैठा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे घर से निकलकर बाहर चले गए। दोपहर में जब अनिल घर लौटे तो बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
विज्ञापन
शाम के समय कुछ ग्रामीण गांव के पास स्थित तालाब की ओर पहुंचे, जहां उन्हें दो हवाई चप्पलें दिखाई दीं। चप्पलों को देखकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तालाब में बच्चों की तलाश शुरू की गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Bihar Police: 500 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे चरण की सिपाही भर्ती परीक्षा, फर्जीवाड़ा रोकने के लिए खास व्यवस्था
ग्रामीणों ने काफी देर तक खोजबीन की, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो मासूम भाई-बहन की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। बच्चों के शव तालाब से बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता अनिल बैठा बार-बार अपने बच्चों के शव से लिपटकर विलाप करते रहे। घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।