{"_id":"6a18e71987b61ae57905f48b","slug":"prohibition-team-raid-hotel-receiving-information-liquor-pelted-stones-patna-news-c-1-1-noi1474-4334950-2026-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Patna: होटल में बिक रही थी शराब, छापेमारी करने पहुंची टीम; आरोपियों ने किया पथराव, ड्राइवर और सिपाही घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Patna: होटल में बिक रही थी शराब, छापेमारी करने पहुंची टीम; आरोपियों ने किया पथराव, ड्राइवर और सिपाही घायल
Fri, 29 May 2026 01:00 PM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Fri, 29 May 2026 01:00 PM IST
सार
Patna: पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची मद्यनिषेध टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में एक ड्राइवर और एक सिपाही घायल हो गए तथा दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं होटल संचालक के परिवार ने टीम पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
मद्यनिषेध टीम पर पथराव
विस्तार
राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत करनौती पंचायत के रानीसराय गांव स्थित पासवान टोला में शराब बिक्री की सूचना पर एक होटल में छापेमारी करने पहुंची मद्यनिषेध की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला और पथराव कर दिया। इस घटना में दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक ड्राइवर और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज बख्तियारपुर स्थित सीएचसी में कराया गया। मौके पर बाढ़ एसडीपीओ-2 आशीष श्रीवास्तव और बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा पहुंचे तथा मद्यनिषेध टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों की पहचान में जुट गए हैं।
विज्ञापन
शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची थी टीम
मद्यनिषेध इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार देर शाम सूचना मिलने पर टीम दलबल के साथ रानीसराय स्थित एक होटल में छापेमारी करने पहुंची थी। सूचना मिली थी कि होटल में शराब की बिक्री की जाती है और लोग वहां शराब का सेवन करते हैं। इसी सूचना पर मद्यनिषेध की टीम वहां पहुंची और होटल की जांच की।
विज्ञापन
लोगों ने किया पथराव
इसी दौरान कुछ लोग भड़क गए और मौके पर मौजूद पदाधिकारी से बहस करने लगे। पदाधिकारी ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद लोग आगबबूला हो गए और टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए पथराव कर दिया। पथराव में ड्राइवर कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज घायल हो गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को सीएचसी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इस संबंध में बख्तियारपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
होटल संचालक के परिवार ने लगाया मारपीट का आरोप
वहीं दूसरी ओर होटल संचालक के परिवार ने मद्यनिषेध टीम पर मनमानी तरीके से दुकान में घुसने और मारपीट कर दुकान तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही कई लोग डर के कारण वहां से भागने लगे। रूना देवी ने बताया कि मद्यनिषेध की टीम अचानक घर में घुसी और उनके साथ मारपीट करने लगी। महिलाओं का कहना है कि मद्यनिषेध टीम के साथ किसने मारपीट और अभद्रता की, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उनका कहना है कि वे उस समय घर के अंदर थीं और टीम अचानक घर में घुसकर डंडे से मारपीट करने लगी। होटल में किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसकी भी उन्हें जानकारी नहीं थी।
महिलाओं ने भी लगाए गंभीर आरोप
सुमन कुमारी ने कहा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान अचानक मद्यनिषेध की टीम घर के अंदर घुस गई और जो भी मिला उसके साथ मारपीट करने लगी। मोहित पासवान ने आरोप लगाया कि मद्यनिषेध की टीम ने मारपीट की, जिससे एक व्यक्ति का सिर फूट गया। साथ ही दुकान को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: बक्सर में खड़ी बस को अज्ञात लोगों ने लगाई आग, जलकर राख; दो हफ्ते में दूसरी घटना से बढ़ी रंज
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी शराब की छापेमारी करने पहुंची बाढ़ मद्यनिषेध टीम पर बाढ़ थाना अंतर्गत जलगोविंद और अथमलगोला थाना क्षेत्र के गंजपर गांव में पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं।