{"_id":"66b9f912265d8d60390e850a","slug":"nalanda-farmer-going-to-field-died-due-to-electric-shock-people-blocked-road-demanding-compensation-2024-08-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: खेत जा रहे किसान की करंट लगने से मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने जाम की सड़क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: खेत जा रहे किसान की करंट लगने से मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने जाम की सड़क
Mon, 12 Aug 2024 05:29 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 12 Aug 2024 05:29 PM IST
सार
Nalanda News: हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि करंट से मौत और सड़क जाम की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फिर परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया।
विज्ञापन
करंट लगने से किसान की मौत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नालंदा में करंट के संपर्क में आने से सोमवार को एक युवक की मौत हो गई। मामला हिलसा थानाक्षेत्र के कपसियावा गांव के खंधा का है। मृतक की पहचान काजी गांव निवासी मिथिलेश प्रसाद के बेटे गोरेलाल कुमार (28) के रूप में की गई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को हिलसा-एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर रखकर जाम कर दिया। वहीं, इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
विज्ञापन
मृतक के परिजनों ने बताया कि गोरेलाल कुमार धान की फसल देखने के लिए खेत जा रहा था। इसी बीच चक कपसियावा गांव के खंधा में पूर्व से गिरे 440 वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया। इससे उसकी करंट से झुलसकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों की जब नजर पड़ी तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और युवक को करंट से मुक्त कराया।
विज्ञापन
वहीं, मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशितों ने हिलसा एकंगरसराय मुख्य मार्ग को प्रखंड कार्यालय हिलसा के पास जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों छोर पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई और आश्वासन का भरोसा देकर जाम को तुड़वाया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह विभाग की अनदेखी का नतीजा है। लुंज-पुंज बिजली के तारों के कारण यह हादसा हुआ है।
विज्ञापन
इधर, इस मामले में हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि करंट से मौत और सड़क जाम की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फिर परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गई है।