Accident Today: खड़े ट्रक से बालू लदे ट्रक की भीषण टक्कर, ढाई घंटे तक फंसा रहा चालक; पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
Kaimur Truck Accident: एनएचएआई के पेट्रोलिंग कर्मी कामेश्वर राम ने बताया कि टायर फटने से एक्सीडेंट हुआ है, जिसमें चालक फंस गया। उसके दोनों पैर खराब हो गए हैं। ढाई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद उसको निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।
विस्तार
बिहार के कैमूर जिले में सड़क पर हालत में खड़े कोयला लदे ट्रक में पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रक की टायर फट जाने से भीषण टक्कर हो गई। इस हादस में चालक ट्रक में फंसा रह गया। करीब ढाई घंटे बाद एनएचएआई ने ग्रामीणों के सहयोग से चालक को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। यह घटना कुदरा थाना क्षेत्र के चिलबिली गांव के पास एनएच-2 पर घटी।
वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि यहां घटनास्थल से कुदरा थाना महज दो किलोमीटर की दूरी पर है। और ढाई किलोमीटर दूर कुदरा पुलिस सड़क पर ही गश्ती कर रही थी। उसके बावजूद पुलिस को घटनास्थल पर पुहंचने में डेढ़ घंटे का समय लग गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कि जब घटना हुई तो पुलिस सड़क पर बालू और गिट्टी की गाड़ियों से पैसा वसूली कर रही थी। दुर्घटना की जानकारी देने के बाद भी पुलिस देर से आई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सड़क पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।
ग्रामीण कन्हैया पासवान ने बताया कि एक खराब ट्रक सड़क पर ही खड़ा था। उसी समय बालू लदा ट्रक आया और उसका टायर फट जाने से उस ट्रक में घुस गया, जिसमें चालक घायल अवस्था में फंसा हुआ है। लेकिन पुलिस डेढ़ घंटे बाद पहुंची है। जबकि थाना यहां से दो किलोमीटर की दूरी पर है।
ग्रामीण दीपक सिंह ने बताया कि घायल चालक को ट्रक में फंसे हुए ढाई घंटा हो गया, अभी तक निकालने की प्रक्रिया जारी है। घटना होने के डेढ़ घंटे बाद पुलिस यहां पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस बालू और गिट्टी की गाड़ियों से पैसा वसूल रही थी। हमारे कहने के बाद भी ये लोग देरी से घटनास्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क पर जो गाड़ी खराब थी, उसको लेकर एनएचएआई की तरफ से कोई बेरिकेडिंग नहीं की गई थी। अगर बेरिकेटिंग रहती तो इस घटना को बचाया जा सकता था।
एनएचएआई के पेट्रोलिंग कर्मी कामेश्वर राम ने बताया कि टायर फटने से एक्सीडेंट हुआ है, जिसमें चालक फंस गया। उसके दोनों पैर खराब हो गए हैं। ढाई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद उसको निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।
वहीं, कुदरा थाना के एसआई राजकुमार ने बताया कि चिलबिली के पास दो ट्रकों में टक्कर हुई है, ड्राइवर फंसा हुआ था। जैसे ही सूचना मिली हम लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे हैं और एनएचएआई को सूचना दी है। ड्राइवर के दोनों पैर कट चुके हैं। ढाई घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर ड्राइवर को बाहर निकलवा कर अस्पताल पहुंचवाया गया है।