आस्था पर गहरा आघात: भोजपुर के ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी, इलाके में हड़कंप
Bhojpur News: भोजपुर के गंगहर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की चार प्राचीन मूर्तियां चोरी हो गईं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में जुटी है और जल्द बरामदगी व गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।
विस्तार
भोजपुर जिले में आस्था और सांस्कृतिक विरासत को ठेस पहुंचाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गंगहर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की चार प्राचीन देवी-देवताओं की मूर्तियां चोरी हो गईं। अज्ञात चोरों ने रविवार देर रात इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चोरी की गई मूर्तियों में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं शामिल हैं।
सुबह पूजा के दौरान हुआ खुलासा
इस घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब ठाकुरबाड़ी के महंत गंगा दास रोजाना की तरह पूजा-पाठ के लिए गर्भगृह पहुंचे। मंदिर के भीतर मूर्तियां गायब देखकर वे अवाक रह गए। थोड़ी ही देर में यह खबर गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में फैल गई और लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुटने लगी।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज, प्रभारी थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार सहित पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
महंत और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
महंत गंगा दास ने बताया कि वे रात में भोजन कर सो गए थे और सुबह उठने पर चारों मूर्तियां गायब मिलीं। चोरी किसने और किस उद्देश्य से की, इसकी कोई जानकारी उन्हें नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि ये मूर्तियां वर्षों पुरानी थीं और अष्टधातु से निर्मित होने के कारण इनका धार्मिक, ऐतिहासिक और आर्थिक महत्व भी काफी अधिक है।
पढ़ें- Crime: साइलेंसर लगी पिस्तौल से गोली मारकर किसान की हत्या, घर में घुसकर घटना को दिया अंजाम; जांच में जुटी पुलिस
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ठाकुरबाड़ी में प्रवेश के लिए तीन दरवाजे हैं, लेकिन किसी भी दरवाजे पर ताला नहीं था। इससे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
भोजपुर एसपी ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। चोरों की पहचान के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और मूर्तियों की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.