2025 Navratri : राजधानी पटना में नवरात्रि की रही धूम, चप्पे-चप्पे पर गुंजते रहे मां दुर्गा के जयकारे
Durga Puja : पूरे बिहार में चप्पे-चप्पे पर मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह शक्तिमय बन गया। आमलोगों को पैदल चलने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो, इसके लिए वाहनों के लिए कई मार्ग पूर्णरूपेण प्रतिबंधित कर दिए गए।
विस्तार
शारदीय नवरात्रि की आज नवमी है, लेकिन इससे पहले महाअष्टमी को शक्ति के आठवें स्वरूप माता महागौरी की उपासना पूरे शहर में पूरे भक्ति-भाव से और धूमधाम से मनाई की गई। आस्था और उत्साह का सैलाब ऐसा उमड़ा कि दिन और रात का भेद मिट गया। चप्पे-चप्पे पर मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह शक्तिमय हो गया।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: बेगूसराय में दुर्गा प्रतिमा बनी चर्चा का विषय, माता ने महिषासुर नहीं बल्कि डोनाल्ड ट्रंप का किया वध
मंगलवार को सुबह से ही सभी पंडालों में माता के दर्शन के लिए महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवक युवतियों की भीड़ पहुँचने लगी। दोपहर के बाद शाम ढलते ही शहर की सड़कें मानो जनसैलाब में बदल गईं। एक से बढ़कर एक भव्य पूजा पंडालों को देखने के लिए उमड़ी अपार भीड़ के कारण सड़कों पर पैदल चलना भी दूभर हो गया। हालाँकि पटना में यातायात पुलिस ने पहले ही पूरे पटना के यातायात को लेकर घोषणा कर दी थी। इसके तहत कई मार्ग वाहनों के लिए पूर्णरूपेण प्रतिबंधित कर दिए गये थे। कई मार्ग बदल दिए गये, ताकि आमलोगों को पैदल चलने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Voter List 2025: फाइनल वोटर लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम, चुनाव आयोग अपलोड कर दी पूरी सूची
पटना के प्रमुख शक्तिपीठों, बड़ी पटनदेवी और छोटी पटनदेवी में विशेष धूम देखने को मिली, जहां सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से लेकर रात भर लोग अपने माता का दर्शन कर पूजा अर्चना करते रहे। इसके अलावे इनकम टैक्स चौराहा, डाक बंगला चौराहा, कदम कुआँ, बाकरगंज सहित पटना के अलग-अलग क्षेत्रों में भक्तों की भीड़ बनी रही।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दशहरा के अवसर पर गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति स्थित माँ दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया गया। ठाकुरबाड़ी में माँ दुर्गा की पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डाकबंगला रोड स्थित नवयुवक संघ श्री दुर्गा पूजा समिति पहुंचे और माँ दुर्गा की पूजा अर्चना की। इसके बाद वह नाला रोड स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम, लंगरटोली स्थित बंगाली अखाड़ा दुर्गा मंदिर और फिर बांस घाट स्थित काली मंदिर भी गये और वहां शक्ति की देवी माँ दुर्गा के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। उन्होंने माता रानी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।
बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भगवान राम द्वारा रावण पर विजय प्राप्त करने का स्मरण कराता है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नौ दिन के युद्ध के बाद देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था, इसलिए नवरात्र के दसवें दिन को विजयादशमी के रूप में मनाया जाता है। बुराई का नाश हो, सुख का आवास हो, राम बसे आपके मन में रावण कभी न आपके आसपास हो। उन्होंने आगे कहा कि दहन पुतलों का ही नहीं, बुरे विचारों का भी करना होगा। श्री राम का करके स्मरण, हर रावण से लड़ना होगा। यह त्योहार आपसी भाईचारा एवं शांतिपूर्ण तरीके से हर्ष एवं उल्लास के साथ मिलजुल कर मनाएं। विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं।