श्याम रजक के दावे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तोड़ी चुप्पी, कहा- सब बेबुनियाद
बिहार की राजनीति में हलचल मचाने वाले राजद नेता श्याम रजक के बयान पर आखिरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुप्पी तोड़ ली। उन्होंने कहा कि सब बेबुनियाद है। इस तरह के दावों में कोई दम नहीं है। बता दें कि श्याम रजक ने जदयू के 17 विधायकों के राजद के संपर्क में होने का दावा किया था। इसके बाद बिहार में नीतीश कुमार की सरकार गिरने की अटकलें लगने लगी थीं।
जलाशय का निरीक्षण करने गए थे सीएम
गौरतलब है कि श्याम रजक के दावे को जदयू के कई नेताओं ने कोरी कल्पना करार दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुप्पी साध रखी थी, लेकिन अब उन्होंने इस मामले को साफ कर दिया है। दरअसल, सीएम नीतीश कुमार बुधवार को पटना के इको पार्क में बच्चों के लिए बनाए जा रहे जलाशय का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने इस जलाशय को बिहार और पटना के बच्चों के लिए नए साल का तोहफा बताया। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी को इस जलाशय का उद्घाटन किया जाएगा।