Bihar Accident: सड़क दुर्घटना में दो कांवड़ियों की मौत, आक्रोशित लोगों ने की आगजनी; मुख्य मार्ग किया जाम
Bihar: घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोशित हो गए। उन्होंने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी पटना के बैरिया बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे सावन महीने में जल भरने के लिए गायघाट गंगा घाट जा रहे थे। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी कर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
मृतकों की पहचान पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र के चिपुरा गांव निवासी 20 वर्षीय गोलू कुमार और उसके एक साथी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कांवड़ियों का जत्था जल भरने के लिए पैदल पटना के गायघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान रामकृष्ण नगर और गोपालपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित बैरिया बस स्टैंड के पास एक अज्ञात वाहन ने दो कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोशित हो गए। उन्होंने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पढ़ें: नालंदा दौरे पर आज रहेंगे सीएम नीतीश कुमार, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और फरार वाहन चालक की पहचान कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस-प्रशासन की कोशिशें जारी हैं।