{"_id":"67307a04bd6e07ec8f00b3b7","slug":"asian-women-s-hockey-champions-trophy-all-hockey-matches-will-be-telecast-live-in-168-countries-ticket-process-2024-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"एशियाई महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: सभी हॉकी मुकाबलों का 168 देशों में होगा सीधा प्रसारण; जानें टिकट प्रक्रिया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एशियाई महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: सभी हॉकी मुकाबलों का 168 देशों में होगा सीधा प्रसारण; जानें टिकट प्रक्रिया
Sun, 10 Nov 2024 02:46 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगीर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 10 Nov 2024 02:46 PM IST
सार
Asian Women's Hockey Champions Trophy: 11 नवंबर यानी कल से राजगीर में आयोजित होने वाले एशियाई महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबलों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खबर में जानें मैच के टिकट पाने की पूरी प्रक्रिया...।
विज्ञापन
राजगीर में हो रहा एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी राजगीर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर का महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट आयोजित होने जा रहा है। 11 नवंबर से 20 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिसमें सुरक्षा और सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। दुनिया के 168 देशों में इस टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जबकि 30 राष्ट्रीय स्तर के चैनल इसका कवरेज करेंगे। राजगीर के खेल परिसर में टूर्नामेंट के दौरान अत्याधुनिक सुविधाएं और सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
पूरा परिसर रेड जोन घोषित, अनधिकृत ड्रोन उड़ानों पर प्रतिबंध
जिला प्रशासन ने टूर्नामेंट के दौरान राजगीर खेल परिसर को रेड जोन घोषित करते हुए इसे अनधिकृत उड़ान निषिद्ध क्षेत्र बनाया है। जिला दण्डाधिकारी शशांक शुभंकर के आदेश के अनुसार, इस दौरान ड्रोन सहित सभी प्रकार की अनधिकृत उड़ानों पर प्रतिबंध रहेगा। अगर किसी को ड्रोन उड़ाने की अनुमति चाहिए, तो उन्हें ड्रोन अधिनियम-2021 के तहत संबंधित प्राधिकरण से आदेश लेना होगा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे टूर्नामेंट के दौरान परिसर पर पैनी नजर रखेंगी, ताकि दर्शक और खिलाड़ी सुरक्षा की भावना के साथ टूर्नामेंट का आनंद उठा सकें।
विज्ञापन
दर्शकों के लिए विशेष पार्किंग और यातायात योजना
राजगीर में दर्शकों की संख्या अधिक होने के मद्देनजर प्रशासन ने चार प्रमुख मार्गों पर विशेष पार्किंग और यातायात योजना तैयार की है। एसएच-71 मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए बिहार पुलिस अकादमी परिसर में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जो स्टेडियम से एक किलोमीटर की दूरी पर है। एनएच-82 से आने वाले दर्शक मेला थाना मैदान में पार्क कर सकेंगे, जो स्टेडियम से छह किलोमीटर दूर है। इन व्यवस्थाओं के साथ-साथ राजगीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे मृतदंहपुंज, सूर्यकुंड, पांडवपुखर और बिरसा शांतिपुर तक पहुंचने के लिए विशेष मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
विज्ञापन
सुरक्षा का चार स्तरीय इंतजाम, दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान
टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम की सुरक्षा को चार स्तरीय बनाया गया है। स्टेडियम के चारों ओर चार प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जहां से दर्शकों का नियोजित प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा 3,000 दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति होगी। अतिरिक्त दर्शकों के लिए विशेष फैन पार्क की व्यवस्था की गई है, जहां बड़ी स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण होगा।
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में 15 फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा जा सकेगा। इसके अलावा स्थानीय कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए 10 विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां बावन बूटी सहित बिहार की पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
महत्वपूर्ण मुकाबले और भारतीय टीम की उम्मीदें
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का उद्घाटन मैच जापान और दक्षिण कोरिया के बीच 11 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे खेला जाएगा। जबकि भारत का पहला मैच उसी दिन शाम 4:45 बजे मलेशिया के खिलाफ होगा। भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला 12 नवंबर को दक्षिण कोरिया से होगा, जबकि 16 नवंबर को भारतीय टीम एशियाई दिग्गज चीन के साथ भिड़ेगी। फाइनल मुकाबला 20 नवंबर को खेला जाएगा, जिसके बाद विजेता टीम का एलान होगा।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग पूरी, टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों में उत्साह
अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। टूर्नामेंट के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया जैसे ही शुरू हुई, वैसे ही सभी दिन के टिकट बुक हो गए। हॉकी फेडरेशन की वेबसाइट पर 11 से 20 नवंबर तक होने वाले मैचों के लिए टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
आपातकालीन सेवाएं और सुविधा केंद्र तैयार
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सफलता के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। दर्शकों की सहायता के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसमें मेडिकल सुविधाएं भी मौजूद हैं। प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी कर दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का तुरंत समाधान हो सके। दर्शकों को पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।