West Champaran LS Results: पश्चिमी चंपारण से भाजपा के संजय जायसवाल जीते, समर्थकों में खुशी का माहौल
Paschim Champaran Election Result 2024: जीत के बाद संजय जायसवाल ने कहा कि यह इतिहास में दूसरा मौका है कि लगातार तीन बार एक ही पार्टी के एक ही प्रधानमंत्री पूर्ण बहुमत से सरकार बना रहे हैं। यह केवल साल 1947 में हुआ था।
विस्तार
बिहार की पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजय जायसवाल ने चौथी बार 1,36,568 वोटों से जीत दर्ज की है। जीत के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी खुशी का माहौल है। इस बार उन्होंने अपने पिता दिवंगत डॉ. मदन प्रसाद जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा है। उनके पिता साल 1996 से 2004 तक पश्चिम चंपारण के सांसद रहे। 2004 में उन्हें राजद के रघुनाथ झा ने मात दी।
जीत दर्ज करने के बाद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि मेरी जीत पीएम मोदी की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना, नीति और उनके कार्यों के कारण इतनी बड़ी जीत मुझे मिली है। संजय जायसवाल की जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने आतिशबाजी की है। हालांकि, 2009 में संजय जायसवाल ने पिता के निधन के बाद भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने लगातार चौथी बार जीत हासिल की है। इस बार उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मदन मोहन तिवारी को मात दी है।
उन्होंने कहा कि यह इतिहास में दूसरा मौका है कि लगातार तीन बार एक ही पार्टी के एक ही प्रधानमंत्री पूर्ण बहुमत से सरकार बना रहे हैं। यह केवल साल 1947 में हुआ था और उसके बाद 60 के दशक के बाद पहली बार इतिहास में माननीय प्रधानमंत्री तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बना रहे हैं। संजय जायसवाल ने पश्चिम चंपारण की जनता, बूथ अध्यक्ष, सभी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी है।
इससे पहले संजय जायसवाल पश्चिमी चंपारण लोकसभा सीट से साल 2009, 2014 और 2019 में जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी मोहन तिवारी को चुनाव हराया है। यहां भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजय जयसवाल को 5,80,421 मत मिले। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी को 4,43,853 मत मिले हैं। बातचीत के दौरान डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि बेतिया में चुनावी सभा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि अगर वह चुनाव जीत कर आएंगे तो केंद्र में मंत्री बनाया जाएगा।
