{"_id":"674c29094039af137d0a0e14","slug":"muzaffarpur-suspicious-death-of-youth-who-went-to-his-wife-s-brother-s-wedding-family-accuses-wife-of-murder-2024-12-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: पत्नी के भाई की शादी में युवक की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव; बीबी पर हत्या का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: पत्नी के भाई की शादी में युवक की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव; बीबी पर हत्या का आरोप
Sun, 01 Dec 2024 02:44 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 01 Dec 2024 02:44 PM IST
सार
Muzaffarpur News: एसएचओ ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों का आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
मृतक उमेश पासवान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुजफ्फरपुर में पत्नी के भाई की शादी में शामिल होने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला। घटना कुढ़नी थानाक्षेत्र के बाजितपुर गांव की है। मृतक की पहचान उमेश पासवान (29) के रूप में हुई है, जो पूर्वी चंपारण के राजेपुर, बखरी का निवासी था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक की पत्नी पर साजिश का संदेह जताया है।
विज्ञापन
शादी में रुकने के बाद हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, उमेश अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए 25 नवंबर को ससुराल आया था। शादी की रस्मों के बाद वह ससुराल में ही रुक गया। देर रात स्थानीय पुलिस ने फोन कर उमेश की मौत की सूचना दी। उसका शव घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पेड़ से लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने बताया कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद ससुराल वालों ने कोई सूचना नहीं दी, जिससे उनका संदेह और बढ़ गया।
विज्ञापन
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता ने बताया कि उमेश और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उनका आरोप है कि इन झगड़ों के कारण ही उनकी बहू ने साजिश रचकर उमेश की हत्या करवाई है। पिता का कहना है कि पुलिस से मिली सूचना से पहले ससुराल वालों ने परिवार को कुछ नहीं बताया। परिजनों ने कहा कि उमेश की शादी को 10 साल हो चुके हैं और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। बेटे की मौत से हमारा पूरा परिवार टूट गया है।
विज्ञापन
पुलिस जांच में आत्महत्या की आशंका
कुढ़नी थाना प्रभारी रवि प्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। उन्होंने बताया कि शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक अपनी पत्नी की विदाई न होने से नाराज था। इस कारण उसने आत्महत्या की हो सकती है। एसएचओ ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों का आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मातम, न्याय की मांग
उमेश की मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजन इसे हत्या मान रहे हैं और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई ठोस कदम उठाया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।