{"_id":"67a9f1fe385d93892d008252","slug":"muzaffarpur-no-action-even-after-6-months-of-dowry-murder-family-made-serious-allegations-against-police-2025-02-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dowry: दहेज हत्या के छह महीने बाद भी कोई कार्रवाई नहीं, थाने पर हंगामा कर परिजन बोले- खुलेआम घूम रहे आरोपी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dowry: दहेज हत्या के छह महीने बाद भी कोई कार्रवाई नहीं, थाने पर हंगामा कर परिजन बोले- खुलेआम घूम रहे आरोपी
Mon, 10 Feb 2025 06:03 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 10 Feb 2025 06:03 PM IST
सार
Muzaffarpur News: दहेज हत्या की शिकार हुई गुंजा के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थाना प्रशासन जानबूझकर आरोपियों को बचाने का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पैसे लेकर पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है।
विज्ञापन
मृतका के परिजनों ने थाने में हंगामा कर जताया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना क्षेत्र में दहेज हत्या की शिकार हुई विवाहिता गुंजा कुमारी के परिजनों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। हत्या के छह महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से नाराज मायके पक्ष के लोग और ग्रामीणों ने सोमवार को थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन
परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने का काम कर रही है और केवल एक ही गिरफ्तारी कर खानापूर्ति कर दी गई। इस दौरान थाने में अफरातफरी की स्थिति बन गई और मायके पक्ष के लोग पुलिस प्रशासन पर पैसे लेकर कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाने लगे।
विज्ञापन
छह महीने पहले की गई थी गुंजा की हत्या
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली गुंजा कुमारी की शादी एक साल पहले कथैया थाना क्षेत्र के प्यारेपुर निवासी संजीत कुमार से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के महज छह महीने बाद ही सितंबर 2024 में उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतका के पति समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। लेकिन सिर्फ एक व्यक्ति को ही गिरफ्तार किया गया, बाकी सभी खुलेआम घूम रहे हैं।
विज्ञापन
मृतका की बहन सोनी देवी ने बताया कि गुंजा को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इसके अलावा पति का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। सोनी देवी ने आरोप लगाया कि इसी वजह से गुंजा को मार डाला गया।
साड़ी से बांधकर दी गई थी दर्दनाक मौत
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गूंजा की हत्या साजिश के तहत की गई थी। मृतका की बहन ने कहा कि मेरी बहन को पहले लगातार प्रताड़ित किया जाता था, मारपीट की जाती थी और दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था। जब वह यह सब सहन नहीं कर पाई तो उसकी हत्या कर दी गई। उसे साड़ी में बांधकर मार दिया गया और आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। हमने इस मामले की पूरी जानकारी पुलिस को दी, लेकिन आज तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।
परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थाना प्रशासन जानबूझकर आरोपियों को बचाने का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पैसे लेकर पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है।
इस पूरे मामले पर कथैया थाना के थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने कहा कि पुलिस ने इस केस को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने आगे कहा कि अगर आरोपी जल्द नहीं पकड़े जाते हैं तो कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी। दो आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी कर दिया गया है, जबकि अन्य दो की जांच चल रही है।
‘गिरफ्तारी न होने तक जारी रहेगा आंदोलन’
थाने पर हंगामा करने के बाद परिजनों ने साफ कर दिया कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेंगे।