Bihar: स्टेशन रोड पर भयावह स्थिति में मिला युवती का शव; कंबल में लपेटकर रस्सी से बांधा गया, सिर पर गहरे जख्म
Muzaffarpur News: नगर थाने के एसआई मोहन कुमार ने बताया कि एक युवती के शव को बोरे में पैक कर कंबल से रस्सी से बांध दिया गया था। शव के सिर पर जख्म के निशान हैं। शव की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर में स्टेशन रोड पर एक युवती का शव भयानक अवस्था में मिला है। शव को कंबल से लपेटकर रस्सी से चार बार बांधा गया था। युवती का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी नगर थाने की पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नगर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। कंबल को खोला गया। शव की जांच की गई। जांच में पता चला कि सिर के पीछे चोट के गहरे निशान हैं। हालांकि, शव के पास से किसी भी तरह का कोई कागजात नहीं मिल सका। इस वजह से युवती की पहचान नहीं हो सकी है। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह एक ऑटो आया था, उसी से शव को फेंका गया है। शव फेंकने के बाद लोग ऑटो लेकर फरार हो गए। वहीं, मौके पर पहुंचे नगर थाना एसआई मोहन कुमार ने बताया कि एक शव मिलने की जानकारी पर पुलिस भेजी गई है। शव को बोरे में पैक कर कंबल से रस्सी से बांध दिया गया था। शव के सिर पर जख्म के निशान हैं। शव की पहचान करने की कवायद की जा रही है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।