बिहार: मुजफ्फरपुर में स्कूल की छत पर हादसा, 11 हजार वोल्ट के तार से तीन छात्राओं को लगा करंट
मुजफ्फरपुर के शाहबाजपुर स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से तीन छात्राएं झुलस गईं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राचार्य के अनुसार, बिजली के तार को लेकर शिक्षा विभाग को पहले ही सूचना दी गई थी।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहबाजपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की छत के बेहद करीब से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से तीन छात्राएं झुलस गईं। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। तीनों घायल छात्राओं को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद स्कूल में दहशत फैल गई। डर के कारण कई विद्यार्थी स्कूल परिसर से बाहर निकल गए। वहीं, स्कूल के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करंट लगने से एक छात्रा के हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए थे। इसके बावजूद घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्कूल का गेट समय पर नहीं खोला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके हस्तक्षेप के बाद आनन-फानन में छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
लंच के दौरान छत पर गई थीं छात्राएं
बताया जा रहा है कि लंच के दौरान एक छात्रा अपनी सहेली के साथ खाना खाने के लिए छत पर गई थी। दोनों छात्राएं छत पर थीं, तभी दीवार छूने के दौरान वे तेज करंट की चपेट में आ गईं और नीचे गिरकर घायल हो गईं। इस दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य छात्रा ने घटना देखकर शोर मचाया। इसके बाद अन्य छात्राओं ने साहस दिखाते हुए घायल छात्राओं को नीचे लाने में मदद की। हादसे को देखकर स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों के बीच दहशत फैल गई और कई छात्र-छात्राएं डर के कारण परिसर से बाहर निकल गए।
ये भी पढ़ें- बिहार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुलायी एनडीए के विधान मंडल दल की बैठक, चुनाव समेत किन मुद्दों पर होगी बात?
प्राचार्य ने बिजली के तार को लेकर दी जानकारी
स्कूल के प्राचार्य ने बताया कि बिजली का तार लंबे समय से स्कूल के बेहद करीब से गुजर रहा है। इस संबंध में जिला शिक्षा विभाग को पहले ही जानकारी दी गई थी। इसी दौरान लंच के समय छत पर मौजूद छात्राएं बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। सभी घायल छात्राओं का इलाज कराया जा रहा है।

स्कूल में करंट की चपेट में आई छात्रा

स्कूल में करंट की चपेट में आई छात्रा

स्कूल में करंट की चपेट में आई छात्रा