बिहार न्यूज: मुजफ्फरपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर की शटरिंग भरभराकर गिरी, बाल-बाल बची लोगों की जान
मुजफ्फरपुर के मझौली चौक पर रविवार देर रात निर्माणाधीन फ्लाईओवर की भारी शटरिंग अचानक गिर गई। देर रात यातायात कम होने से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन सड़क एनएच-27 पर बोचहां थाना क्षेत्र के मझौली चौक के पास रविवार देर रात निर्माणाधीन फ्लाईओवर की भारी-भरकम शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। शटरिंग गिरने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
देर रात होने के कारण सड़क पर राहगीरों और वाहनों की आवाजाही कम थी। इसी वजह से हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। इस तरह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। हादसे के बाद लोगों में एक बार फिर डर का माहौल है।
गौरतलब है कि एनएच-27 पर कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है। मझौली चौक के पास फ्लाईओवर निर्माण के कारण दोनों तरफ का यातायात सिंगल लेन से संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय सड़क पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही काफी कम थी। उनका कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता तो स्थिति भयावह हो सकती थी।
पढ़ें: गया से पहले पुनपुन क्यों जाते हैं श्रद्धालु? भगवान राम से जुड़ी है मोक्ष के प्रथम द्वार की मान्यता
मझौली चौक पर दिनभर फल और सब्जियों की दुकानें लगती हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाले खरीदारों और राहगीरों की भी यहां काफी भीड़ रहती है। ऐसे में दिन के समय शटरिंग गिरने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस और फ्लाईओवर का निर्माण करा रही एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सड़क पर बिखरे मलबे और लोहे की छड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि व्यस्त एनएच पर यातायात बाधित न हो।
स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरती गई तो भविष्य में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और लोगों की जान जा सकती है।