Bihar Crime: ATM में चोरी का असफल प्रयास; गैस कटर से काटते समय लगी आग, लाखों की नकदी जलकर राख
Muzaffarpur News: पुलिस ने बताया कि इस एटीएम को पहले भी लुटेरों ने निशाना बनाया था। इस बार भी चोरी की नियत से घुसे बदमाश असफल रहे, लेकिन आग लगने के कारण बैंक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर एटीएम लुटेरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज एनएच मार्ग पर स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम में सोमवार की अहले सुबह चोरी का असफल प्रयास किया गया। लेकिन चोरी की साजिश के दौरान ही पूरी योजना उल्टी पड़ गई। गैस कटर से एटीएम काटते वक्त अचानक आग लग गई, जिससे एटीएम में रखा लाखों रुपये की नकदी जलकर खाक हो गई। घटना के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है, जब दो अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से एटीएम में घुसे। पहले उन्होंने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर उसे निष्क्रिय करने का प्रयास किया, ताकि पहचान न हो सके। इसके बाद वे गैस कटर से एटीएम के कैश चेस्ट को काटने लगे, लेकिन उसी दौरान मशीन में अचानक आग लग गई, जिसने पूरी एटीएम मशीन को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:मोबाइल न देने पर पत्नी ने की आत्महत्या, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में
आग की चपेट में आने से कैश चेस्ट में रखे रुपये भी जलकर राख हो गए। आग लगने के बाद घबराए बदमाश मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस और एसडीपीओ टाउन टू बिनीता सिन्हा मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
मौके पर पुलिस को गैस कटर और स्प्रे सिलेंडर मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी सूचना दी गई है, जो घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच करेगी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और आसपास के इलाकों की रिकॉर्डिंग के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।
एसडीपीओ बिनीता सिन्हा ने बताया कि इस एटीएम को पहले भी लुटेरों ने निशाना बनाया था। इस बार भी चोरी की नियत से घुसे बदमाश असफल रहे, लेकिन आग लगने के कारण बैंक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। यह स्पष्ट नहीं है कि एटीएम में कितनी नकदी थी, बैंक अधिकारी बाद में इसकी पुष्टि करेंगे।
यह भी पढ़ें- Bihar News:ट्रक चालक को बंधक बनाकर मांगी थी दो लाख रुपये की फिरौती, सरपंच समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो बदमाशों के शामिल होने की पुष्टि हुई है, जिनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में दहशत का माहौल है। वहीं, इलाके में बैंकिंग सेवाओं पर भी असर पड़ा है। पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.