Bihar: होली पर शराब परोसने की थी तैयारी, शराब माफिया के घर मिला गुप्त तहखाना; पुलिस देख रह गई दंग
Bihar: एसपी विद्या सागर ने बताया कि होली पर्व के दौरान शराब की बिक्री और सेवन को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब माफिया ने अपने घर में बड़ी मात्रा में शराब छिपा रखी है। शराब को शहर के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करने के लिए लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में होली पर्व से पहले अवैध शराब का बड़ा भंडार बरामद किया गया है। शराब माफिया ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपने घर में गुप्त तहखाना बना रखा था, जिसमें लाखों की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद रामपुरहरि थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई।
तहखाना खुलते ही पुलिस रह गई दंग
पुलिस जब शराब की तलाश में आरोपी के घर पहुंची, तो वहां एक गुप्त तहखाना मिला। जब इसे खोला गया तो अंदर लाखों रुपये की अवैध विदेशी शराब रखी मिली। इतनी मात्रा में शराब देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। अवैध शराब को बाहर निकालने के लिए पुलिस को सीढ़ी लगानी पड़ी।
ये भी पढ़ें: रुई की दुकान में लगी आग ने मचाई तबाही; बैंक शाखा भी आई चपेट में...मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची
मौके से 3 लग्जरी कारें और फ्रिज भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लग्जरी कारें, एक फ्रिज और भारी मात्रा में शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस के पहुंचते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। फरार आरोपियों की पहचान मोथहां फकीराना गांव निवासी मनोज राय और इंद्रजीत राय के रूप में हुई है। पुलिस घर की महिलाओं से पूछताछ कर रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस की लगातार छापेमारी जारी
एसपी विद्या सागर ने बताया कि होली पर्व के दौरान शराब की बिक्री और सेवन को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब माफिया ने अपने घर में बड़ी मात्रा में शराब छिपा रखी है। शराब को शहर के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करने के लिए लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। बरामद शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।