{"_id":"6a2bf466ad7c48b7110ee3f5","slug":"muzaffarpur-bihar-news-jewelry-shop-loot-from-a-shop-courageous-shopkeeper-tackled-one-other-flee-away-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-4386165-2026-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट; बदमाशों ने की फायरिंग, दुकानदार ने एक लुटेरे को दबोचा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट; बदमाशों ने की फायरिंग, दुकानदार ने एक लुटेरे को दबोचा
Fri, 12 Jun 2026 06:25 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Fri, 12 Jun 2026 06:25 PM IST
सार
Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर बाजार में दिनदहाड़े बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक ज्वेलरी शॉप में लूटपाट की। विरोध होने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार धर्मेंद्र ने साहस दिखाते हुए उनका मुकाबला किया। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया।
विज्ञापन
दिन दहाड़े लूट एक बदमाश धराया
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के अति व्यस्त बाजार दामोदरपुर में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक आभूषण दुकान को अपना निशाना बनाया। विरोध करने पर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। वहीं, घटना के बाद दुकान के मालिक ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का डटकर मुकाबला किया और एक को पकड़ लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। अपराधियों ने इस घटना को सेंट्रल बैंक के ठीक सामने स्थित ज्वेलरी शॉप में अंजाम दिया।
विज्ञापन
हथियार के बल पर शुरू की लूट
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार को दिन में बाइक सवार होकर तीन अपराधी दामोदरपुर स्थित आभूषण दुकान पर पहुंचे थे। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और लूटपाट शुरू कर दी। अचानक हुई लूट और हमले से घबराने के बजाय दुकानदार धर्मेंद्र अपराधियों से भिड़ गए। दुकानदार के इस कड़े प्रतिरोध को देखकर अपराधी घबरा गए। वे दुकान से लाखों रुपये के आभूषण समेटकर भागने लगे।
विज्ञापन
एक बदमाश धराया
लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों को देखकर धर्मेंद्र ने शोर मचाया। भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों में से एक को भीड़ ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी नकदी और जेवर लेकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए अपराधी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी बरामद कर ली गई है।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना की पुलिस दलबल के साथ पहुंची तथा पकड़े गए अपराधी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: पंचायत कार्यालय से गायब हुईं सरकारी फाइलें; CCTV में कैद हुआ राज? मुखिया ने दर्ज कराई शिकायत
'एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी'
पूरे मामले में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि दिन में ज्वेलरी शॉप में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बदमाश को पकड़ लिया है, जबकि अन्य फरार हो गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके से एक बाइक भी बरामद की गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।