Bihar Accident: मुजफ्फरपुर में सड़क दुर्घटना में प्रधान लिपिक की मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
Bihar: हादसे के बाद मौके पर परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। टक्कर के बाद वाहन चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की तलाश में जुट गई है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक स्कूल के प्रधान लिपिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बहिलवारा रुपनाथ पांडे टोला गांव निवासी अरुण कुमार पांडे (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोतिहारी जिला स्कूल में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों ने बताया कि अरुण पांडे रोज की तरह शनिवार को भी अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए मोतिहारी जा रहे थे। इसी दौरान सरैया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अरुण पांडे को पहले सरैया पीएचसी लाया गया, जहां से हालत नाजुक देख उन्हें एसकेएमसीएच (मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
पढे़ं: औरंगाबाद में कैदी की मौत पर दिनभर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; विधायक रहे मूकदर्शक
हादसे के बाद मौके पर परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। टक्कर के बाद वाहन चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की तलाश में जुट गई है। सरैया थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक प्रधान लिपिक की मौत हुई है। फरार वाहन की पहचान कर उसे जब्त करने और चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।