Bihar News: औरंगाबाद में कैदी की मौत पर दिनभर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; विधायक रहे मूकदर्शक
Bihar: धर्मेंद्र की मौत और मौत के बाद भी हथकड़ी नहीं खोले जाने को लेकर ग्रामीण और परिजन रमेश चौक पर जुट गए। जमकर नारेबाजी हुई और जेल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग उठी। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन उलझ गए।
विस्तार
औरंगाबाद मंडल कारा के एक बंदी की इलाज के दौरान शनिवार को हुई मौत पर शहर में दिनभर हंगामा होता रहा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब मृतक कैदी के हाथों में मौत के बाद भी हथकड़ी लगी मिली, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोपों को अनसुना करने का विरोध किया और शव को पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। परिजन और ग्रामीण शव को लेकर सदर अस्पताल से रमेश चौक पहुंचे और सड़क को चारों ओर से जाम कर दिया। इससे शहर का यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
परिजनों का आरोप– जेल में पिटाई से हुई मौत
मृतक धर्मेंद्र राम, बारूण थाना क्षेत्र के उर्दीना गांव का निवासी था। परिजनों का आरोप है कि जेल में पुलिस पिटाई के कारण उसकी मौत हुई। उनका कहना है कि धर्मेंद्र पर शराब बेचने का आरोप झूठा था। वह दिल्ली में काम करता था और 15 दिन पहले ही गांव आया था। परिजनों का आरोप है कि साजिशन उसे फंसाकर जेल भेजा गया और वहीं उसकी पिटाई से मौत हुई। धर्मेंद्र के पीछे उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। परिवार का कहना है कि घर में अब कोई कमाने वाला सदस्य नहीं बचा।
रमेश चौक पर बवाल, पुलिस से उलझे परिजन
धर्मेंद्र की मौत और मौत के बाद भी हथकड़ी नहीं खोले जाने को लेकर ग्रामीण और परिजन रमेश चौक पर जुट गए। जमकर नारेबाजी हुई और जेल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग उठी। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन उलझ गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह को घेरकर मारपीट की। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई और कई लोग चोटिल हुए। बाद में वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पढ़ें: मधुबनी में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेलों का महाकुंभ, खिलाड़ियों का दिखा उत्साह
विधायक बने रहे मूकदर्शक
घटना की जानकारी मिलने पर नबीनगर के राजद विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डबल्यू सिंह भी मौके पर पहुंचे। हालांकि वे स्थिति देखकर मूकदर्शक बने रहे। बाद में उन्होंने कहा कि यह घटना नीतीश सरकार के सुशासन की पोल खोलती है। पहले निर्दोष को झूठे आरोप में जेल भेजा गया और फिर जेल में पिटाई कर मार डाला गया। यदि समय पर कार्रवाई होती तो यह नौबत नहीं आती।
पुलिस का पक्ष
नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि परिजन और ग्रामीण पुलिस से बदसलूकी करने लगे थे, जिसके कारण हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। लाठीचार्ज में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने कहा कि उपद्रवियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।