Bihar: सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका; मौके पर जुटी एफएसएल की टीम
Bihar: मीनापुर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि युवक के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। परिजन अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने हत्या की आशंका जरूर जताई है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के अली नेउरा पंचायत स्थित बालू जिरात सड़क किनारे सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र के नूर छपरा गांव निवासी राजकुमार श्रीवास्तव के 20 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि आदित्य हाल ही में आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल से रिहा होकर बाहर आया था। शव मिलने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची मीनापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। घटनास्थल से एक काली रंग की पल्सर बाइक भी बरामद हुई है, जिसकी चाभी उसी में लगी हुई थी। बाइक मृतक की बताई जा रही है।
पढ़ें: 51 प्रकार की दवाओं के साथ अवैध मेडिकल स्टोर सील, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
मीनापुर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि युवक के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। परिजन अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने हत्या की आशंका जरूर जताई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और सबूत जुटाने का काम किया जा रहा है।