Bihar News: पुराने लेन-देन के विवाद में घर में घुसकर छेड़खानी और पेट्रोल छिड़कने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Bihar: प्रभारी सिटी एसपी विद्यासागर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पहले भी दोनों पक्षों के बीच महिला समूह के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। आज फिर से मारपीट की सूचना मिली है और एक नाबालिग पर पेट्रोल फेंके जाने का आरोप सामने आया है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित मेंहदी हसन चौक के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की के साथ घर में घुसकर छेड़खानी और उस पर पेट्रोल छिड़कने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां ने इस संबंध में थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति लालाबाबू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी ने पहले घर में घुसकर मारपीट की, फिर उसकी बेटी के साथ बदसलूकी की। इसके बाद उसने पेट्रोल छिड़क दिया, जिससे बच्ची झुलस गई। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लालाबाबू की पत्नी और पीड़िता के परिजन एक महिला समूह के जरिए लोन देने और लेने का काम करते हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उसी पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर यह हमला किया गया।
पढ़ें: शादी के मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंची दुल्हन, पति ने दिया साथ; वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस पूरे मामले पर प्रभारी सिटी एसपी विद्यासागर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पहले भी दोनों पक्षों के बीच महिला समूह के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। आज फिर से मारपीट की सूचना मिली है और एक नाबालिग पर पेट्रोल फेंके जाने का आरोप सामने आया है। फिलहाल पीड़िता की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।