{"_id":"67a5ceca44277933c609c070","slug":"motihari-youth-went-to-resolve-dispute-at-tenant-s-house-was-attacked-on-head-and-killed-illicit-relationship-2025-02-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime: पट्टेदार के घर झगड़ा छुड़ाने गए युवक की हत्या, सिर पर वजनी चीज से किया हमला; अवैध संबंध की बात आई सामने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime: पट्टेदार के घर झगड़ा छुड़ाने गए युवक की हत्या, सिर पर वजनी चीज से किया हमला; अवैध संबंध की बात आई सामने
Fri, 07 Feb 2025 02:43 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोतिहारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोतिहारी
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 07 Feb 2025 02:43 PM IST
सार
Motihari News: मोतिहारी में पट्टेदार के घर झगड़ा छुड़ाने गए युवक की हत्या कर दी गई। उसके सिर पर वजनी चीज से हमला किया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, विवाद के पीछे अवैध संबंध की बात सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
मामले की जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। घिवाढार गांव में एक युवक नबीउल्लाह (22) को पड़ोसी के झगड़े को छुड़ाना महंगा पड़ गया। जब वह विवाद सुलझाने पहुंचा तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसके सिर पर वजनी चीज से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
झगड़ा सुलह कराने गया था युवक
जानकारी के मुताबिक, नबीउल्लाह (मृतक) अपने पाटीदार के घर हो रहे झगड़े की तेज आवाज सुनकर सुलह कराने पहुंचा था। लेकिन वहां हालात पहले से ही तनावपूर्ण थे। झगड़ा इतना उग्र था कि बीच-बचाव करने के दौरान मशरूल नाम के युवक ने उसके सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार कर दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद नबीउल्लाह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरकौलिया के एक निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
अवैध संबंध को लेकर हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, पाटीदार के घर किसी महिला के साथ अवैध संबंध को लेकर विवाद हुआ था। यह झगड़ा देर रात तक चला और काफी उग्र हो गया। इसी दौरान नबीउल्लाह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में आकर मशरूल ने उसपर वजनी चीज से वार कर दिया।
विज्ञापन
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम
सुबह होते ही मृतक के परिजनों ने हरसिद्धि थाना को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोतिहारी सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, अरेराज के डीएसपी रंजन कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर पूर्णकाम सामर्थ को मौके पर भेजा गया है। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है, ताकि मौके से सबूत इकट्ठे किए जा सकें। अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
नबीउल्लाह की हत्या के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजन और ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने आरोपी मशरूल की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही इस मामले में कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।