फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Muzaffarpur News ›   Major tragedy in Bihar Several people died after a boat capsized they were on their way to attend a feast

वैशाली नाव हादसा: भोज खाने जा रहे लोगों की नाव पलटी, 13 की मौत; सीएम सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का एलान

Tue, 13 Oct 2026 09:31 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली Published by: शबाहत हुसैन Updated Tue, 13 Oct 2026 09:31 PM IST
सार

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। ढाब पार कर रहे करीब 20 लोग नाव पर सवार थे, तभी बीच पानी में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।

 

विज्ञापन
Major tragedy in Bihar Several people died after a boat capsized they were on their way to attend a feast
बिहार के वैशाली में मातम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसा हो गया। ढाब पार करते समय एक छोटी नाव अचानक पलट गई, जिससे उस पर सवार लोग गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों में अधिकांश मासूम बच्चियां शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि के लिए प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए।

विज्ञापन

भोज खाने जा रहे थे, बीच ढाब में पलट गई नाव

मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन किया गया था। गांव के करीब 20 लोग, जिनमें युवक और बच्चे शामिल थे, एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान नाव बीच ढाब में पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटने से उस पर सवार सभी लोग गहरे पानी में डूबने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रामपुर श्यामचंद पंचायत के साथ आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को निकाला

नाव डूबने की घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में एक साथ कई लोगों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। पूरा अस्पताल परिसर लोगों की भीड़ से भर गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

17 लोगों को अस्पताल लाया गया, 13 की मौत की खबर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव हादसे के बाद अब तक 17 बच्चों और अन्य लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर लाया गया है। इनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है। वहीं, एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से की जा रही है।

मृतकों में अधिकांश बच्चियां, सभी रामपुर श्यामचंद गांव के निवासी

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मीरा कुमारी, पिता रामनरेश राय; निशु कुमारी, पिता सत्येंद्र राय; अनिशा कुमारी, पिता सुरेंद्र राय; सुनीता कुमारी, पिता राज किशोर राय; आर्यन कुमार, पिता गांधी राय; मोहन कुमार, पिता अखिलेश राय; अमृता कुमारी, पिता राज किशोर राय; अंकिता कुमारी, पिता राज किशोर राय; पिंकी कुमारी, पिता डोमन राय; नमन कुमार, पिता मुकेश राय; सिकी कुमारी, पिता सुरेश राय; भोनू कुमारी, पिता रामप्रवेश राय; और सोनम कुमारी, पिता नरेश राय के रूप में बताई गई है। सभी मृतक रामपुर श्यामचंद गांव के रहने वाले हैं। मासूम बच्चों समेत 13 लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची है। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रखंड के विभिन्न गांवों से लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंचने लगे।

कई अस्पतालों से पहुंचीं एंबुलेंस, प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

नाव हादसे की सूचना मिलते ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर, रेफरल अस्पताल मोहनपुर और बिदुपुर अस्पताल से कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत कार्य में तेजी लाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों और स्थानीय लोगों ने प्रयास किए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी, राजस्व अधिकारी राजीव रंजन चौधरी, अंचल अधिकारी दीपक कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार, रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक, जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा, गंगा ब्रिज थाना प्रभारी दीपक कुमार और सदर सीडीपीओ-1 सुबोध कुमार समेत कई अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर राघोपुर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, रामपुर श्यामचंद, फतेहपुर पंचायत और आसपास के कई गांवों के लोग भी घटनास्थल और अस्पताल में जुटे रहे। फिलहाल हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed