बिहार: पत्नी की गला रेतकर हत्या, चाची पर भी धारदार हथियार से हमला; पिता ने दरवाजा बंद कर बचाई जान
वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने और चाची पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चाची को पीएमसीएच रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर बांथू गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने घर के बाहर सो रही अपनी चाची पर भी धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना का विवरण
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दिलीप मांझी बीती रात खाना खाने के बाद अपनी पत्नी चांदनी देवी और बच्चों के साथ सोने गया था। देर रात उसने अचानक अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान खून के छींटे बेटे पर पड़ने से उसकी आंख खुल गई। आरोप है कि दहशत में आए बेटे को आरोपी ने डरा-धमकाकर चुप करा दिया।
इसके बाद आरोपी ने कमरे से बाहर निकलकर आंगन या घर के बाहर सो रही अपनी चाची धनमन्ती देवी पर भी हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उसने अपने पिता पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पिता ने सूझबूझ दिखाते हुए अंदर से दरवाजा बंद कर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
सुबह होते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी दिलीप मांझी को पकड़ लिया और इसकी सूचना भगवानपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतका चांदनी देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल चाची धनमन्ती देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें- बिहार न्यूज: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बेगूसराय, सड़क पर पड़ा मिला वॉशिंग सेंटर संचालक
मानसिक स्थिति पर संदेह
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। घटना के असली कारणों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस अग्रेतर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।