{"_id":"6a1e5a0cfa63bd7d190bae1c","slug":"bihar-vaishali-minister-in-charge-nishant-kumar-will-listen-to-the-problems-of-the-people-in-hajipur-today-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1236-4349937-2026-06-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार वैशाली पहुंचेंगे निशांत कुमार; मौके पर करेंगे समस्याओं का समाधान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार वैशाली पहुंचेंगे निशांत कुमार; मौके पर करेंगे समस्याओं का समाधान
Tue, 02 Jun 2026 10:27 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Tue, 02 Jun 2026 10:27 AM IST
विज्ञापन
निशांत कुमार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री बनने के बाद निशांत कुमार पहली बार वैशाली पहुंचेंगे। वे सहयोग शिविर में मौजूद रहेंगे, जहां लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। पूरा कार्यक्रम वैशाली प्रखंड के भगवतपुर पंचायत में मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। सहयोग शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार आमजनों की समस्याओं से सीधे रूबरू होंगे और विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को निर्देश देंगे।
विज्ञापन
भगवतपुर में तैयार हुआ भव्य पंडाल, प्रशासन ने कसी कमर
भगवतपुर मध्य विद्यालय के समीप स्थित मैदान में सहयोग शिविर के लिए भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैठने, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
विज्ञापन
डीएम और एसपी भी सुनेंगे लोगों की समस्याएं
शिविर में जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह तथा पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग भी मौजूद रहेंगे। दोनों अधिकारी आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
विज्ञापन
एक ही मंच पर मिलेंगी कई विभागों की सेवाएं
सहयोग शिविर में राजस्व, भूमि सुधार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, बिजली, कृषि, पंचायती राज, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण तथा कल्याण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे। प्रत्येक काउंटर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की शिकायतें, आवेदन और सुझाव प्राप्त कर उनका त्वरित निपटारा करेंगे।
महनार के करनौती पंचायत में भी करेंगे जनसंवाद
भगवतपुर में आयोजित शिविर के बाद प्रभारी मंत्री निशांत कुमार महनार प्रखंड के करनौती पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भी शामिल होंगे। वहां भी वे आमजनों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
ये भी पढ़ें: वैशाली में शादी के तीन महीने बाद खत्म हुई प्रेम कहानी! बंद कमरे में फंदे से लटके मिले पति-पत्नी
कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा प्रशासन
दोनों सहयोग शिविरों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।